डेस्क। ‘धुरंधर 2’ की दस्तक से पहले बॉक्स ऑफिस पर सुस्ती का मौसम छा गया है। यह तूफान के आने से पहले की आहट जैसा है। रणवीर सिंह की फिल्म जहां 19 मार्च 2026 को ईद के मौके पर धुआंधार कमाई की तैयारी कर रही है, वहीं ‘द केरल स्टोरी’ ने 8 दिन में ही अपना भद पिटवा ली है। कामख्या नारायण सिंह के डायरेक्शन में बनी यह फिल्म विवादों के बीच रिलीज तो हो गई, लेकिन आलम यह कि सिनेमाघरों में 100 में से 89 कुर्सियां खाली नजर आ रही हैं। और तो और, यह अपनी पिछली ब्लॉकबस्टर फिल्म के मुकाबले भी कहीं नहीं टिक पा रही है। आठ दिनों में ‘द केरल स्टोरी 2’ ने जहां सिर्फ 25.40 करोड़ रुपये की कमाई की है, वहीं 2023 में ‘द केरल स्टोरी’ ने 8 दिनों में हिंदी वर्जन से 93.48 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था। सिनेमाघरों में इसके अलावा मौजूद शाहिद कपूर की ‘ओ रोमियो’ भी अब पस्त हो गई है। सलमान खान की री-रिलीज ‘तेरे नाम’ भी बेदम है। सिनेमाघरों से लेकर दर्शकों तक को अब ‘धुरंधर 2: द रिवेंज’ का इंतजार है। ट्रेलर आ चुका है। यश की ‘टॉक्सिक’ के पोस्टपोन होने के बाद अब इस सीक्वल फिल्म का एकछत्र राज होने वाला है। हां, पवन कल्याण की ‘उस्ताद भगत सिंह’ जरूर इसे टक्कर देने के लिए 19 मार्च को ही रिलीज हो रही है, लेकिन हिंदी सिनेमाघरों में तेलुगू सुपरस्टार का उतना जोर नहीं दिख रहा है। लेकिन इस बीच, प्रोपेगेंडा फिल्म होने का आरोप झेल रही ‘द केरल स्टोरी 2’ बॉक्स ऑफिस पर मुंह के बल गिरी है।
‘द केरल स्टोरी 2’ बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, 8वां दिन
Sacnilk के मुताबिक, विपुल अमृतलाल शाह के बैनर तले बनी ‘द केरल स्टोरी 2’ ने अपने दूसरे शुक्रवार को 2.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। इससे पहले गुरुवार को इसने 2.75 करोड़ रुपये और बुधवार को 3.50 करोड़ रुपये कमाए थे। आठ दिनों में भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ‘द केरल स्टोरी 2’ का टोटल कलेक्शन 25.40 करोड़ रुपये है। जबकि इसका बजट 30 करोड़ रुपये है। शुक्रवार को सिनेमाघरों में औसतन हर शो में 11.71% सीटों पर ही दर्शक नजर आए हैं। ऐसे में अब ‘धुरंधर 2’ की रिलीज से पहले 12 दिनों में अपना बजट भले निकाल ले, लेकिन इसका हिट होना नामुमकिन है।
पहला दिन, शुक्रवार – 75 लाख रुपये
दूसरा दिन, शनिवार – 4.65 करोड़ रुपये
तीसरा दिन, रविवार – 4.75 करोड़ रुपये
चौथा दिन, सोमवार – 2.50 करोड़ रुपये
पांचवां दिन, मंगलवार – 4.00 करोड़ रुपये
छठा दिन, बुधवार – 3.50 करोड़ रुपये
7वां दिन, गुरुवार – 2.75 करोड़ रुपये
8वां दिन, शुक्रवार – 2.50 करोड़ रुपये
‘द केरल स्टोरी 2’ को नेगेटिव रिव्यूज, दर्शकों ने किया खारिज
‘द केरल स्टोरी 2’ साल 2023 में रिलीज ‘द केरल स्टोरी’ का सीक्वल है। यह नई फिल्म जबरन धर्मांतरण के मुद्दे पर बनी है। हालांकि, फिल्म की समीक्षकों से लेकर दर्शकों तक ने कड़ी आलोचना की है। खासकर फिल्म की कहानी, जो देश के अलग-अलग राज्यों की महिलाओं के बारे हैं, लेकिन इसका टाइटल एक राज्य विशेष को लेकर है। फिल्म को सोशल मीडिया पर भी नेगेटिव रिव्यूज मिले हैं, जिसमें इसे ‘एकतरफा’ और ‘समुदाय विशेष को टारगेट’ करने वाला बताया गया है। इन सब का असर बॉक्स ऑफिस कलेक्शन पर पड़ा है। क्योंकि 2023 में 8 दिनों में ही ‘द केरल स्टोरी’ ने 93.48 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। जबकि लाइफटाइम 241.74 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन हुआ था।
‘ओ रोमियो’ का बजट और कलेक्शन: 22 दिन में कमाए 68.69 करोड़ रुपये
दूसरी ओर, शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की ‘ओ रोमियो’ भी अब पस्त हो चली है। अफसोस की बात ये है कि विशाल भारद्वाज के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म को तारीफ तो मिली, लेकिन 22 दिन बाद भी यह अपना बजट नहीं निकाल पाई है। रिलीज के बाद अपने तीसरे शुक्रवार को ‘ओ रोमियो’ ने देश में महज 49 लाख रुपये कमाए हैं। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 68.69 करोड़ रुपये है। वर्ल्डवाइड इसने 105.25 करोड़ रुपये का ग्रॉस बिजनस किया है। जबकि इसका बजट 150 करोड़ रुपये है।
पहला हफ्ता – 47.10 करोड़ रुपये
दूसरा हफ्ता – 14.45 करोड़ रुपये
तीसरा हफ्ता – 6.65 करोड़ रुपये
22वां दिन, शुक्रवार – 49 लाख रुपये
‘तेरे नाम’ री-रिलीज कलेक्शन: 8 दिनों में सिर्फ 1.60 करोड़ का बिजनस
सलमान खान की री-रिलीज क्लासिक कल्ट ‘तेरे नाम’ भी सिनेमाघरों में दर्शक जुटाने में नाकाम साबित हुई है। 27 फरवरी को 23 साल बाद दोबारा सिनेमाघरों में उतरी इस फिल्म को रमजान के कारण भारी नुकसान हुआ है। मुसलमान दर्शक रमजान में सिनेमाघरों से दूर रहते हैं और ऐसे में सलमान खान की एक बड़ी फैन फॉलोइंग थिएटर्स नहीं पहुंच पाई है। हालांकि, फिर भी 8 दिनों में इसने 1.60 करोड़ रुपये ग्रॉस कलेक्शन और 1.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है। आगे ईद का मौका है, लेकिन परेशानी यह है कि ‘धुरंधर 2’ की रिलीज के कारण ‘तेरे नाम’ के पास स्क्रीन्स बचेंगे या नहीं, इसको लेकर भी संशय है।
पहला दिन, शुक्रवार – 23 लाख रुपये
दूसरा दिन, शनिवार – 25 लाख रुपये
तीसरा दिन, रविवार – 28 लाख रुपये
चौथा दिन, सोमवार – 13 लाख रुपये
5वां दिन, मंगलवार – 15 लाख रुपये
छठा दिन, बुधवार – 11 लाख रुपये
7वां दिन, गुरुवार – 10 लाख रुपये
8वां दिन, शुक्रवार – 10 लाख रुपये
‘धुरंधर 2’ के 18 मार्च को पेड प्रीमियर शोज, 100 करोड़ की ओपनिंग नक्की!
बहरहाल, अब हर किसी की निगाहें रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ पर टिकी हैं। आदित्य धर के डायरेक्शन में बीते साल 5 दिसंबर को रिलीज ‘धुरंधर’ ने ओपनिंग डे पर देश में 28 करोड़ का नेट कलेक्शन और वर्ल्डवाइड 41.25 करोड़ का ग्रॉस बिजनस किया था। अनुमान यही है कि ‘धुरंधर 2’ पहले दिन 100 करोड़ रुपये का कारोबार करेगी। खासकर तब, जब यह इस बार पैन इंडिया 5 भाषाओं में रिलीज हो रही है। एक और दिलचस्प जानकारी ये है कि मेकर्स ने रिलीज से एक दिन पहले 18 मार्च को भी कई शहरों में पेड प्रीमियर शोज रखने का फैसला किया है। ऐसे में ‘धुरंधर 2’ की वहां से भी बंपर कमाई के संकेत हैं।