Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

हिमाचल में राज बदला, रिवाज कायम : कांग्रेस 37 सीटों पर बढ़त के साथ सरकार बनाने की ओर, भाजपा 27 पर सिमटी

- Sponsored -

- Sponsored -


शिमला। हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर काउंटिंग जारी है। रुझानों में एक बार फिर पहाड़ का राज बदलता दिख रहा है, रिवाज नहीं। यानी 5 साल के बाद सरकार बदलने का सिलसिला इस बार भी नजर आ रहा है। कांग्रेस रुझानों में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। पार्टी ने 12 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है, जबकि 25 पर आगे चल रही है। भाजपा 12 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है, 16 पर आगे चल रही है। अन्य कैंडिडेट्स ने 2 सीटों पर जीत हासिल की। AAP अभी तक खाता नहीं खोल पाई है।
जयराम ठाकुर के 3 मंत्री चुनाव हारे
जयराम सरकार में मंत्री रहे डॉ. रामलाल मारकंडा लाहौल-स्पीति सीट से कांग्रेस के रवि ठाकुर से चुनाव हार गए हैं। कांगड़ा जिले की शाहपुर सीट से जयराम सरकार में मंत्री रहीं सरवीण चौधरी कांग्रेस के केवल सिंह पठानिया से चुनाव हार गईं। जयराम कैबिनेट में शहरी विकास मंत्री रहे सुरेश भारद्वाज शिमला जिले की कसुम्पटी सीट पर कांग्रेस के अनिरुद्ध सिंह से चुनाव हार गए। सुरेश भारद्वाज पिछले चार चुनाव शिमला शहरी सीट से जीते थे। BJP हाईकमान ने इस बार भारद्वाज की सीट बदलते हुए उन्हें कसुम्पटी सीट से टिकट दिया था।
जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी की 10 में से 9 सीटें BJP और एक धर्मपुर सीट कांग्रेस ने जीती। धर्मपुर सीट पर कांग्रेस के चंद्रशेखर ने जयराम सरकार में नंबर-टू मिनिस्टर रहे महेंद्र सिंह ठाकुर के बेटे रजत ठाकुर को हराया। BJP ने इस बार महेंद्र की जगह उनके बेटे को टिकट दिया था। शिमला ग्रामीण से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व CM दिवंगत वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह कुल 7233 मतों से आगे चल रहे हैं। निर्दलीय उम्मीदवार केएल ठाकुर, नालागढ़ और और हितेश्वर सिंह बंजार विधानसभा क्षेत्रों से आगे चल रहे हैं।
CM ठाकुर रिकॉर्ड 7वीं बार जीते
सराज सीट से CM जयराम ठाकुर ने कांग्रेस के चेतराम ठाकुर को रिकॉर्ड 20 हजार से ज्यादा वोटों से हरा दिया है। वे रिकॉर्ड 7वीं बार जीते हैं। मंडी जिले की सुंदरनगर सीट पर BJP के राकेश जमवाल ने कांग्रेस के सोहन लाल ठाकुर को 8,125 वोट से हराया है। CM ठाकुर के गृह जिले में भाजपा क्लीन स्वीप की ओर बढ़ रही है।
मंत्री आगे-पीछे
कांगड़ा की फतेहपुर सीट से वनमंत्री राकेश पठानिया 6 राउंड की काउंटिंग के बाद 1349 वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के भवानी सिंह पठानिया आगे चल रहे हैं।
कांगड़ा की जसवां परागपुर सीट से उद्योगमंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर 10 राउंड की काउंटिंग के बाद 1736 वोट से आगे चल रहे हैं। उन्हें कांग्रेस के सुरेंद्र सिंह मनकोटिया कांटे की टक्कर दे रहे हैं।
जयराम सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री रहे राजेंद्र गर्ग बिलासपुर जिले की घुमारवीं सीट पर 7 राउंड की काउंटिंग पूरी होने के बाद कांग्रेस के राजेश धर्माणी से 3265 वोट से पीछे चल रहे हैं।
जयराम कैबिनेट में पशुपालन मंत्री रहे वीरेंद्र कंवर ऊना जिले की कुटलैहड़ सीट पर 6 राउंड की काउंटिंग पूरी के बाद 6400 वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के दविंदर सिंह भुट्‌टो आगे चल रहे हैं।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.