Home » एक्सक्लूसिव » हो जाईये सावधान , कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती? गैस संकट के बीच सक्रिय हुए साइबर ठग, पुलिस ने जारी की चेतावनी

हो जाईये सावधान , कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती? गैस संकट के बीच सक्रिय हुए साइबर ठग, पुलिस ने जारी की चेतावनी

सिलीगुड़ी। गैस की कमी शुरू होते ही साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। फोन कॉल और व्हाट्सऐप लिंक के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर कोलकाता पुलिस के लालबाजार. . .

सिलीगुड़ी। गैस की कमी शुरू होते ही साइबर ठगों ने लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। फोन कॉल और व्हाट्सऐप लिंक के जरिए लोगों को ठगने की कोशिश की जा रही है। इसको लेकर कोलकाता पुलिस के लालबाजार स्थित साइबर क्राइम विभाग ने सभी डिवीजनों की साइबर शाखाओं को सतर्क रहने का निर्देश दिया है। साथ ही आम लोगों को भी सावधान रहने की सलाह दी गई है।

ठग खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर कर रहे हैं फोन

पुलिस के अनुसार, ठग खुद को केंद्र सरकार का अधिकारी बताकर लोगों को फोन कर रहे हैं। वे कहते हैं कि सरकार की ओर से गैस उपभोक्ताओं का सर्वे किया जा रहा है और जानकारी के अनुसार संबंधित व्यक्ति ने 25 दिनों के भीतर गैस बुकिंग की है, जो नियमों के खिलाफ है। इसके बाद उन्हें सजा का डर दिखाया जाता है। जब उपभोक्ता घबरा जाता है तो उससे कहा जाता है कि एक फॉर्म भरना होगा और इसके लिए व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजा जाता है।

ठग लिंक में गैस या तेल आपूर्ति करने वाली कंपनी का नाम भी दिया जाता

इस लिंक में गैस या तेल आपूर्ति करने वाली कंपनी का नाम भी दिया जाता है। अगर कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, तो साइबर ठग उसके मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में ले सकते हैं और बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं।

LPG संकट से बढ़ी लोगों की परेशानी

कमर्शियल गैस सिलेंडर की सप्लाई रुकने का असर अब आम लोगों तक भी पहुंचने लगा है। कई शहरों में गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनें देखी जा रही हैं। कहीं बुकिंग के बाद भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल रहा तो कहीं लोग जल्द डिलीवरी की उम्मीद में बार-बार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं। इस स्थिति से आम उपभोक्ता और रेस्टोरेंट इंडस्ट्री दोनों ही परेशान हैं।

मौके का फायदा उठाने लगे साइबर ठग

गैस सिलेंडर को लेकर बढ़ती चिंता के बीच साइबर ठगों ने भी नया तरीका अपनाना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक ठग लोगों को फोन करके खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताते हैं। वे दावा करते हैं कि ईरान में युद्ध या सप्लाई चेन में दिक्कत की वजह से गैस की भारी कमी आने वाली है, इसलिए तुरंत सिलेंडर बुक करा लें।

फर्जी मैसेज और व्हाट्सएप लिंक से ठगी

साइबर ठग लोगों को फंसाने के लिए फर्जी मैसेज या व्हाट्सएप लिंक भी भेजते हैं। इन मैसेज में लिखा होता है कि जल्दी सिलेंडर बुक करें, नहीं तो स्टॉक खत्म हो जाएगा।कई बार तुरंत डिलीवरी का लालच देकर एक लिंक भेजा जाता है, जिस पर क्लिक करने के लिए कहा जाता है. कुछ मामलों में एडवांस पेमेंट करके सिलेंडर बुक करने की बात भी कही जाती है।

फर्जी वेबसाइट से बैंक डिटेल्स चोरी

जैसे ही कोई व्यक्ति इस तरह के लिंक पर क्लिक करता है, उसके सामने एक फर्जी वेबसाइट खुल जाती है।वहां बैंक डिटेल्स, कार्ड नंबर, OTP या UPI के जरिए पेमेंट मांगा जाता है. जैसे ही पेमेंट किया जाता है, ठग पैसे लेकर गायब हो जाते हैं और सिलेंडर कभी डिलीवर नहीं होता।

सरकार और तेल कंपनियों का क्या कहना

सरकार और तेल कंपनियां इंडेन, भारतगैस और एचपी गैस लगातार यह साफ कर रही हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर की कोई बड़ी कमी नहीं है।कंपनियों के मुताबिक सामान्य परिस्थितियों में सिलेंडर की डिलीवरी 2 से 3 दिनों के भीतर हो रही है. इसलिए किसी भी अफवाह या डर के कारण जल्दबाजी में बुकिंग करने से बचने की सलाह दी गई है।

सिलेंडर बुक करते समय इन बातों का रखें ध्यान

दिल्ली पुलिस ने लोगों से कहा है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग हमेशा आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या IVRS नंबर के जरिए ही करें. उदाहरण के तौर पर इंडेन के लिए 7718955555 नंबर पर कॉल करके भी बुकिंग की जा सकती है. किसी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा करने से बचें और अपनी बैंक या कार्ड डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें।

अगर ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें

अगर गलती से आपने किसी फर्जी लिंक पर पेमेंट कर दिया है तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन तुरंत कार्रवाई करना जरूरी है. सबसे पहले भारत सरकार के साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके पूरी जानकारी दें।इसके अलावा नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि जितनी जल्दी शिकायत की जाती है, पैसे वापस मिलने की संभावना उतनी ही बढ़ जाती है।

लॉटरी के जरिए 25 दिनों की जगह दो दिन में गैस सिलेंडर दिया जा रहा

पुलिस के मुताबिक ठग एक और तरीका भी अपना रहे हैं। वे फोन कर बताते हैं कि गैस सप्लाई कंपनी की ओर से विशेष कोटे में लॉटरी के जरिए 25 दिनों की जगह दो दिन में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है और लॉटरी में उनका नाम आया है। इसके बाद उन्हें व्हाट्सऐप पर लिंक भेजा जाता है।
पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि इस तरह के फोन कॉल या लिंक से सतर्क रहें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। यदि कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज मिलता है, तो तुरंत उसे नजरअंदाज करें और जरूरत पड़ने पर साइबर क्राइम विभाग को इसकी सूचना दें।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम