नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमत में आज फिर तेजी आई है। चांदी की कीमत बाजार खुलते ही करीब 2,500 रुपये उछल गई जबकि सोना करीब 500 रुपये महंगा हुआ है। एमसीएक्स पर 5 मार्च की डिलीवरी वाली चांदी पिछले सत्र में 2,41,393 रुपये प्रति किलो के भाव पर बंद हुई थी और आज यह 2,43,874 रुपये पर खुली। 9.05 बजे यह 2,457 रुपये यानी 1.02 फीसदी तेजी के साथ 2,43,850 रुपये पर ट्रेड कर रही थी।
इसी तरह 2 अप्रैल की डिलीवरी वाला सोना पिछले सत्र में 1,54,819 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। आज यह 1,55,105 रुपये के भाव पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह 1,55,384 रुपये तक ऊपर गया। 9.10 बजे यह 458 रुपये यानी .0.30 फीसदी की तेजी के साथ 1,55,277 रुपये पर ट्रेड कर रहा था।अंतरराष्ट्रीय बाजार में कल सोने और चांदी की कीमत में मामूली तेजी आई थी।
सर्राफा कीमतों में तेजी
दिल्ली में गुरुवार को बहुमूल्य कीमती धातुओं की कीमतों में सात प्रतिशत से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई। चांदी जहां 2.6 लाख रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई, वहीं सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गया। यह उछाल वैश्विक रुख तथा अमेरिका एवं ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच सुरक्षित निवेश वाली संपत्तियों की मांग में बढ़ोतरी की वजह से आया।
चांदी बुधवार के 2,46,000 रुपये प्रति किलोग्राम के बंद स्तर से 18,000 रुपये या 7.32 प्रतिशत बढ़कर 2,64,000 रुपये प्रति किलो हो गई। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 1,950 रुपये या 1.24 प्रतिशत बढ़कर 1,58,650 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले सत्र में यह 1,56,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।