नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राइल-अमेरिका के टकराव से उपजे तनावपूर्ण हालात पर भारत सरकार लगातार नजर रख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी सिलसिले में आज कैबिनेट की बैठक की। मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया कि पीएम मोदी ने कैबिनेट मंत्रियों को अफवाहों पर कड़ी नजर बनाए रखने का निर्देश दिया है।
सूत्रों के हवाले से आई रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि पीएम मोदी ने संकट से निपटने के लिए भारत की तैयारियों को बहुत मजबूत बताया। उन्होंने कहा, ‘मंत्री जनता को समझाने के लिए सोशल मीडिया पर अपनी बातों को प्रमुखता से रखें। विपक्ष के सवालों का भी ठोस तरीके से जवाब दें।’
खबरों में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया कि प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से कहा, पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति पूरे विश्व को प्रभावित कर सकती है। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि जनता और विपक्ष के सवालों का जवाब देते समय आत्मविश्वास बनाए रखें। ईंधन और एलपीजी को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर लगातार कड़ी नजर रखें।
अफवाहों पर कड़ी नजर
प्रधानमंत्री मोदी ने कैबिनेट के मंत्रियों को सचेत किया है कि कुछ लोग मौजूदा हालात का फायदा उठाकर जनता के बीच डर पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को ऐसी गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए, जो स्थिति को पैनिक में बदलने की कोशिश कर रही हैं। सरकार का मानना है कि सही जानकारी साझा करके ही जनता के भरोसे को कायम रखा जा सकता है।
ग्लोबल क्राइसिस और भारत की तैयारी…
कैबिनेट मीटिंग में नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा कि ईंधन की समस्या एक वैश्विक चुनौती है और भारत इससे अछूता नहीं है। हालांकि, उन्होंने आश्वस्त किया कि भारत की तरफ से की गई तैयारियां बहुत व्यापक हैं। सरकार के पास आपूर्ति श्रृंखला को अच्छा तरह बनाए रखने के लिए पर्याप्त संसाधन हैं। मंत्रियों को निर्देश दिया गया है कि वे इन तैयारियों के बारे में जनता को आक्रामक तरीके से जानकारी दें।