डेस्क। यश की इस साल की सबसे बड़ी फिल्म ‘टॉक्सिक’ का टीजर आखिरकार रिलीज हो गया है। इसमें वो जबरदस्त एक्शन करते दिखाई दे रहे हैं। यश का खूंखार लुक तो इसमें दिखा ही, साथ में क्लीन शेव लुक भी खूब पसंद किया जा रहा है। जानिए लोगों को कैसा लगा टीजर।
टॉक्सिक टीजर ट्विटर रिव्यू
आखिरकार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ का टीजर रिलीज हो गया है, जो एक्टर की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ की सफलता के बाद सिनेमाघरों में वापसी है। इस दमदार झलक के जरिए लोगों को 20वीं सदी के मध्य के गोवा की एक अंधेरी दुनिया देखने को मिली है, जहां यश का किरदार डर, अपराध और विश्वासघात के जरिए सत्ता हासिल करता है। टीजर रोंगटे खड़े करने वाला है। जानिए लोगों ने इसे देखकर सबसे पहले क्या कहा!
रेट्रो थीम में डिजाइन किए गए ‘टॉक्सिक’ के टीजर में दमदार बैकग्राउंड स्कोर है। गोलियों की आवाज और स्टाइलिश एक्शन सीन फिल्म के गंभीर और अपराध से भरे विषय की ओर इशारा करते हैं। यश के किरदार, राया को एक तेज और सख्त लुक में पेश किया गया है। खासकर उनका क्लीन शेव लुक तो फैंस को घायल कर रहा है।
‘टॉक्सिक’ का टीजर देख किसने क्या कहा!
एक यूजर ने लिखा- कमाल हॉलीवुड वाइब्स से भरपूर। एक यूजर ने कमेंट किया, ‘यश विदाउट बियर्ड अनएक्सपेक्टेड लुक।’
एक तीसरे कमेंट में कहा गया है, ‘मुझे टीजर में सिर्फ अंत में वो यश का क्लीन शेव वाला लुक पसंद आया। साथ ही जो विजुअल्स हैं, वो ठीक-ठाक हैं। आइए देखते हैं। एक्शन जितना ग्राउंडेड रहेगा उतना मजा आएगा देखने में। वीएफएक्स जबरदस्त है।’ देखिए बाकियों ने क्या कहा।
‘टॉक्सिक’ का प्लॉट और बजट
‘टॉक्सिक’ फिल्म यश की चार साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी है। ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ ने यश को पैन इंडिया सुपरस्टार बनाया था। इस एक्शन-थ्रिलर के साथ एक्टर एक बिल्कुल नए क्षेत्र में कदम रख रहे हैं, इसलिए उनसे काफी उम्मीदें हैं। फिल्म के प्लॉट के बारे में एक जानकारी सामने आई है, जिसके अनुसार, ‘टॉक्सिक’ की कहानी 1940 और 1970 के दशक के बीच गोवा में घटित होती है, जिसमें यश का किरदार डर और पावर को हथियार बनाकर साम्राज्य हासिल करता है। फिल्म के बजट की बात करें तो ये 600 करोड़ बताया जा रहा है।
‘धुरंधर 2’ से टकराएगी ‘टॉक्सिक’
इस फिल्म का निर्देशन गीतु मोहनदास ने किया है, जो ‘लायर्स डाइस’ और ‘मूथोन’ जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। फिल्म में कियारा आडवाणी, नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया और रुक्मिणी वसंत सहित कई कलाकार शामिल हैं। ‘टॉक्सिक’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और बॉक्स ऑफिस पर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ से टकराएगी, जो उसी दिन रिलीज हो रही है।