नई दिल्ली: पाकिस्तान द्वारा रमजान के महीने में अफगानिस्तान में की गई एयरस्ट्राइक पर भारत ने संयुक्त राष्ट्र में खुलकर अपना पक्ष रखा। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने पाकिस्तान को यूएन में लताड़ लगाते हुए कहा, एक तरफ अंतर्राष्ट्रीय कानून और इस्लामी एकता के ऊंचे सिद्धांतों की बात करना और दूसरी तरफ रमजान के पवित्र महीने में बेरहमी से एयर स्ट्राइक करना सिर्फ एक दिखावा है। इसके साथ ही भारत ने संयुक्त राष्ट्र से आतंकवादी संगठनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
10 प्वाइंट में समझते हैं भारत ने संयुक्त राष्ट्र में क्या पक्ष रखा…
@ यूएन में भारत ने कहा, अफगानिस्तान के साथ उसके लंबे समय से घनिष्ठ संबंध हैं और मौजूदा कठिन समय में अफगान की जनता को वैश्विक मदद की जरूरत है।
@ भारत ने बताया कि वह अफगानिस्तान के सभी 34 प्रांतों में 500 से अधिक विकास परियोजनाओं के जरिए स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और क्षमता निर्माण में सहयोग कर रहा है।
@ पर्वतनेनी हरीश ने यूएन में बताया कि पिछले तीन महीनों में भारत ने 10 लाख वैक्सीन डोज और 9.5 टन कैंसर रोधी दवाइयां भेजीं। साथ ही खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, भूकंप राहत और काउंटर-नारकोटिक्स पर भी काम जारी है।
@ भारत ने पाकिस्तान से अफगानों के जबरन विस्थापन, मानवीय संकट और सीमा पार हिंसा पर चिंता जताते हुए अंतरराष्ट्रीय कानून के पालन की अपील की। साथ नागरिकों की मौत वाले हवाई हमलों की कड़ी निंदा की।
@ भारत ने कहा, यह हवाई हमले अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और राज्य संप्रभुता का घोर उल्लंघन हैं। नई दिल्ली ने कहा, एक तरफ अंतर्राष्ट्रीय कानून और इस्लामी एकता के ऊंचे सिद्धांतों की बात करना और दूसरी तरफ रमजान के पवित्र महीने में बेरहमी से एयर स्ट्राइक करना, जिसमें 6 मार्च 2026 तक 185 बेगुनाह आम लोग मारे गए हैं। भारत ने पाकिस्तान की ओर इशार करते हुए कहा, अंतरराष्ट्रीय कानून और इस्लामी एकजुटता के उच्च सिद्धांतों का समर्थन करना पाखंड है।
@ भारत ने ट्रेड एंड ट्रांजिट टेररिज्म पर भी चिंता जताई। नई दिल्ली ने कहा, भूमि से घिरे विकासशील देशों की इन कमजोरियों को हथियार के रूप में इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
@ भारत ने यूएन से ISIL, अल-कायदा, लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और द रेजिस्टेंस फ्रंट जैसे संगठनों व उनके समर्थकों के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय समुदाय से समन्वित कार्रवाई की मांग की।
@ भारत ने कहा कि अफगानिस्तान क्रिकेट टीम दुनिया भर में दिल जीत रही है और ICC World Cup 2026 में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। आज अफ़गानिस्तान आने वाला कोई भी विजिटर अफगान युवाओं को जोश के साथ क्रिकेट खेलते हुए देखेगा। अफगानिस्तान क्रिकेट टीम जहां भी खेली है, दिल जीत रही है और अभी-अभी खत्म हुए क्रिकेट वर्ल्ड कप में उनका जोश और जुनून देखने लायक था। मेरे देश को उनके सफर का हिस्सा बनने पर गर्व है और उन्हें अफगानिस्तान के लोगों के लिए बहुत खुशी लाते देखकर खुशी हो रही है जो इतना कुछ झेल रहे हैं।
@ भारत ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को पुराने तरीके छोड़कर लचीली और प्रभावी नीतियां अपनानी चाहिए, जो सकारात्मक कदमों को बढ़ावा दें।
@ भारत ने दोहराया कि वह अफगान समाज की प्राथमिकताओं और आकांक्षाओं के साथ खड़ा रहेगा और अफगान लोगों का समर्थन जारी रखेगा।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में रमजान के महीने में अफगानिस्तान पर हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। इन हमलों में 185 निर्दोष नागरिक मारे गए, जिनमें से लगभग पचपन प्रतिशत महिलाएं और बच्चे हैंभारत ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादी समूहों का इस्तेमाल पड़ोसी देशों पर हमले करने के लिए करता है।