नई दिल्ली: ईरान संकट के बीच घरेलू शेयर बाजार में आज भारी गिरावट आई है। बीएसई सेंसेक्स 2,743 अंक यानी 3.37 फीसदी गिरावट के साथ 78,543.73 अंक पर खुला। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स भी 519 अंक यानी 2 फीसदी गिरावट के साथ 24,659.25 अंक पर खुला। प्री-ओपन सेशन में सेंसेक्स में 6,800 अंक से अधिक गिरावट आई। 9.23 बजे सेंसेक्स 996.02 अंक यानी 1.23% की गिरावट के साथ 80,291.17 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 284.65 अंक यानी 1.13% की गिरावट के साथ 24,894 अंक पर था।
नटीपीसी, इंडिगो और लार्सन एंड टुब्रो में सात फीसदी से ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स के सभी 30 शेयरों में गिरावट आई है। एनटीपीसी, इंडिगो और लार्सन एंड टुब्रो में सात फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। इसी तरह कोटक महिंद्रा बैंक, ट्रेंड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एशियन पेंट्स और मारुति के शेयर 6 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गए। इटरनल, अडानी पोर्ट्स, बजाज फाइनेंस, टाटा स्टील और आईटीसी में चार फीसदी से ज्यादा गिरावट आई।
एशियाई बाजारों में भी गिरावट
एशियाई बाजारों में भारी गिरावट आई है। जापान के निक्केई 225 में 2.7 फीसदी और साउथ कोरिया के कॉस्पी में 2.43 फीसदी की गिरावट आई है। इससे पहले रविवार को यूएस फ्यूचर्स में एक फीसदी से ज्यादा गिरावट आई। एसएंडपी 500 और डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.11 फीसदी गिरावट आई। इस बीच कच्चे तेल की कीमत में भी सात फीसदी से ज्यादा तेजी आई और यह एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई।