नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बार फिर देश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला है। पश्चिम एशिया के हालात का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने विपक्षी दलों की ओर से हो रही राजनीति पर सवाल उठाए। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही है। कांग्रेस जानबूझकर उकसाने वाले बयान दे रही है। वो गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रही है ताकि स्थितियां बिगड़ जाएं और हमारे लोग वहां संकट में फंस जाएं। फिर ये लोग मिलकर पीएम मोदी को गालियां देने की रील बनाने का अभियान शुरू कर सकें। यही उनका खेल है।
राहुल गांधी भारत में हो रहे विकास से अनभिज्ञ
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को कांग्रेस और इसके नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्हें देश में हो रहे विकास की जानकारी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें यह भी नहीं पता कि भारत के युवा और कई कंपनियां ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में काम कर रही हैं और इनमें केरल की कंपनियां भी शामिल हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस पश्चिम एशिया संकट के मुद्दे पर राजनीति कर रही है।
‘मध्य एशिया में आज जो कुछ हो रहा…’
पीएम मोदी ने केरल में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य एशिया में आज जो कुछ भी हो रहा है, उससे आप सभी का चिंतित होना बहुत स्वाभाविक है। हमारे लाखों भाई-बहन वहां काम करते हैं। लेकिन आपको याद रखना है कि आज देश में बीजेपी-एनडीए की सरकार है। जब भी हमारा कोई देशवासी संकट में पड़ा है, हमने उसे सुरक्षित बचाने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।
आज का भारत अपने नागरिकों अकेला नहीं छोड़ता
पीएम मोदी ने कहा कि ईराक में फंसी नर्सों को बचाने की बात हो या यमन के आतंकवादियों के चंगुल से फादर टॉम को आजाद कराने का काम, आज का भारत अपने नागरिकों को संकट में अकेला नहीं छोड़ता। आज भी हमारा प्रयास है कि युद्ध के हालत में फंसे भारतीयों को सुरक्षा मिले, हर संभव सुविधा मिले। लेकिन ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है कि कांग्रेस पार्टी इतने बड़े वैश्विक संकट में राजनीति ढूंढ रही है।
ये अफवाहें फैलाने में जुटे- पीएम मोदी के निशाने पर कांग्रेस
कांग्रेस पर वार करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज ये लोग मिलकर अफवाहें फैलाने में जुटे हैं। आज युद्ध के समय, इस समय में भी कांग्रेस-लेफ्ट और उसका इकोसिस्टम देश में भय पैदा करने में पूरी ताकत खपा रहे हैं। मैं देश से कहूंगा कि कांग्रेस-लेफ्ट द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान रहें, सतर्क रहें। मुझे संतोष है कि गल्फ के हमारे सभी मित्र देशों की सरकारें भी हमारे देश के नागरिकों का पूरा ध्यान रख रही हैं। मैं उन सभी सरकारों का आभारी हूं। वहां हर देश में जो हमारी एंबेसीज हैं, हमारे मिशन हैं, वे 24×7 उनकी मदद कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने फिर किया आत्मनिर्भर भारत का जिक्र
प्रधानमंत्री ने कहा कि ईरान पर इजरायल और अमेरिका के अटैक को करीब 12 दिन हो चुके हैं। बावजूद इसके मिडिल ईस्ट में स्थिति गंभीर बने हुई है। ईरान से जंग का असर दुनियाभर के देशों में देखने को मिल रहा है। भारत भी इससे अछूता नहीं है, यहां एलपीजी और पेट्रोलियम प्रोडक्ट्स के संकट की खबरें सामने आ रही है। ऐसे में पीएम मोदी ने कहा कि वर्तमान संकट ने एक बार फिर आत्मनिर्भर बनने के महत्व को सिद्ध कर दिया है।
हमने अपनी सौर ऊर्जा क्षमता में वृद्धि की है
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में अन्य देशों पर निर्भरता कम करने के लिए सरकार ने हाल के वर्षों में कई कदम उठाए हैं। हमने अपनी सौर ऊर्जा क्षमता में वृद्धि की है। केरल में भी सौर परियोजनाओं पर काम शुरू हो गया है। पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे का 100 प्रतिशत विद्युतीकरण किया जा रहा है।
केरल से बोले पीएम- अफवाहों से सावधान और सतर्क रहें
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा कि कांग्रेस और वामपंथियों ने देश को विदेशी राष्ट्रों पर और अधिक निर्भर बना दिया है। आज वे मिलकर अफवाहें फैला रहे हैं। युद्ध के इस दौर में भी, कांग्रेस, वामपंथी और उनका तंत्र देश में भय फैलाने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं। मैं देशवासियों से आग्रह करता हूं कि वे कांग्रेस और वामपंथियों की ओर से फैलाई जा रही अफवाहों से सावधान और सतर्क रहें।
भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की रैली में मोदी ने कहा कि केरल में एलडीएफ और यूडीएफ सरकारों के बारी-बारी से सत्ता में आने का सिलसिला राज्य के हित में अब समाप्त होना चाहिए।।
उन्होंने केरल की जनता से भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को अगले पांच वर्षों के लिए सत्ता में आने का मौका देने का आग्रह किया क्योंकि इसमें ‘मोदी की गारंटी’ शामिल है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि केरल की जनता अब एलडीएफ (वाम लोकतांत्रिक मोर्चा) और यूडीएफ (संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा) की राजनीति से आगे बढ़ने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि 2024 में त्रिशूर लोकसभा सीट पर भाजपा की जीत और हाल ही में तिरुवनंतपुरम नगर निगम में मिली सफलता का प्रभाव पूरे प्रदेश में दिखाई देगा।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के “युवराज” को देश में हो रहे विकास की जानकारी ही नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें यह भी नहीं पता कि भारत के युवा और कई कंपनियां ड्रोन निर्माण के क्षेत्र में काम कर रही हैं और इनमें केरल की कंपनियां भी शामिल हैं । प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भाजपा केरल को कृत्रिम मेधा (एआई) और भविष्य की तकनीकों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए काम करेगी।
पश्चिम एशिया संकट का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का भारत अपने नागरिकों को कहीं भी फंसा हुआ नहीं छोड़ता। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार खाड़ी क्षेत्र में फंसे भारतीयों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्षी दल पश्चिम एशिया संकट पर राजनीति कर रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि खाड़ी देशों में काम कर रहे भारतीयों का वहां की सरकारें पूरा ध्यान रख रही हैं और इसके लिए उन्होंने उन देशों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।