जम्मू। जम्मू के ग्रेटर कैलाश इलाके में बुधवार देर रात एक शादी समारोह में पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला और डिप्टी सीएम सुरेंद्र चौधरी पर जानलेवा हमला किया गया। इस मामले में जम्मू पुलिस ने आधिकारिक बयान जारी किया है।
एसपी साउथ अजय शर्मा ने बताया कि गंग्याल थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी हथियार से फायरिंग की घटना सामने आई है। समारोह में जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद फारूक अब्दुल्ला भी मौजूद थे। हालांकि, घटना में उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा और वह पूरी तरह सुरक्षित हैं।
आरोपी गिरफ्तार
इस समारोह में कई गणमान्य लोग मौजूद थे, तभी एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी हथियार से फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद मेहमानों में दहशत फैल गई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू कर लिया और उसे हिरासत में ले लिया।
लाइसेंसी हथियार भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से इस्तेमाल किया गया लाइसेंसी हथियार भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार का आतंकी एंगल सामने नहीं आया है। प्रारंभिक जांच के आधार पर इसे व्यक्तिगत या अन्य कारणों से हुई घटना माना जा रहा है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।
कौन है आरोपी?
जानकारी के अनुसार, आरोपी कमल सिंह जम्वाल पुत्र अजीत सिंह जम्वाल पुरानी मंडी का रहने वाला है। वह शुरू से ही राजनीति में सक्रिय रहा है। पहले जम्मू-कश्मीर नेशनल पैंथर्स पार्टी में था और पार्टी की टिकट पर पुरानी मंडी के वार्ड नंबर 11 से कॉर्पोरेटर का चुनाव भी लड़ चुका है।