सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में दो दिन में दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। सोमवार को सागर जिले के ग्राम हिन्नोद में एक महिला ने अपनी 5 साल की बेटी के साथ कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। वहीं दूसरी घटना सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी क्षेत्र के खमरिया गांव की हैं, जहां एक महिला ने अपनी चार बेटियों को कुएं में फेंककर खुदकुशी कर ली।
बेटी के साथ कुएं में कूदकर दे दी जान
जानकारी के मुताबिक, सागर जिले के जैसीनगर थाना क्षेत्र के ग्राम हिंन्नोद से एक 29 वर्षीय सीमा पाल, पत्नी भागीरथ पाल निवासी ग्राम नाहरमऊ (केसली) अपनी 5 वर्षीय बेटी प्रियांशी के साथ पिछले कुछ समय से मायके ग्राम हिंन्नोद में रह रही थी। मंगलवार दोपहर वह बेटी के साथ खेत गई थी, जहां सीमा ने बेटी के साथ कुएं में कूदकर जान दे दी। मृतिका के भाई संजू पाल ने बताया कि सीमा की शादी करीब 8 साल पहले भागीरथ पाल से हुई थी।
पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था और पति द्वारा मारपीट की जाती थी, जिसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई थी। इसी वजह से सीमा कुछ समय से मायके में रह रही थी। उसने आरोप लगाया कि पति की प्रताड़ना के चलते उसकी बहन मानसिक तनाव में थी। जिस वजह से उसने आत्महत्या कर ली।
4 बच्चों को कूंए में फेंका
उधर, सागर जिले के केसली थाना अंतर्गत टड़ा चौकी में आने वाले ग्राम खमरिया से आज एक 30 वर्षीय महिला, सविता लोधी, ने कथित तौर पर अपनी चार मासूम बेटियों को घर के पास स्थित एक कुएं में धकेल दिया और उसके बाद खुद फांसी के फंदे पर झूल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला ने अपनी चारों बेटियों को हरपाल घोसी के खेत में बने कुएं में फेंक दिया था। पानी में डूबने के कारण मासूमों की मौत हो गई। मृतकों में सबसे बड़ी बेटी की उम्र मात्र 7 वर्ष थी। बच्चियों को मौत के घाट उतारने के बाद सविता ने घर के अंदर जाकर आत्मघाती कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही केसली थाना और टड़ा चौकी की पुलिस टीम बल के साथ मौके पर पहुँची। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की इस तरह मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि यह कदम पारिवारिक कलह या अत्यधिक मानसिक तनाव के कारण उठाया गया हो सकता है। फिलहाल, पुलिस हर कोण से मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि इस खौफनाक कदम के पीछे की असली वजह सामने आ सके।