डेस्क। ब्राजील के साओ पाउलो से एक बेहद अजीब और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पालतू बंदर ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। यह बंदर कई दिनों तक घरों में घुसकर चोरी करता रहा और लोगों को परेशान करता रहा। स्थानीय लोग पहले इसे किसी चोर का काम समझ रहे थे, लेकिन जब सच्चाई सामने आई, तो सभी हैरान रह गए।
जानकारी के अनुसार, यह बंदर क्लाइटन नाम का एक पालतू जानवर है, जो अपने मालिक के घर से भाग गया था। इसके बाद उसने आसपास के घरों में घुसना शुरू कर दिया। वह खिड़कियां तोड़कर अंदर जाता, अलमारियां खोलता और लोगों के सामान के साथ छेड़छाड़ करता था। कई बार वह चीजें इधर-उधर फेंक देता, जिससे घरों में काफी नुकसान होता था।
मचा रखा था आतंक
इलाके के लोग इस घटना से काफी डर गए थे। शुरुआत में उन्हें लगा कि कोई चोर उनके घरों में घुस रहा है, लेकिन बाद में पता चला कि यह सब एक बंदर की करतूत है। यह जानकर लोग जितने हैरान हुए, उतना ही डर भी कम हुआ. क्लाइटन का यह व्यवहार उसके मालिक के लिए भी परेशानी का कारण बन गया। उसकी मालकिन, विटोरिया डी अल्मेडा ने बताया कि यह बंदर हाल ही में कुछ ज्यादा ही शरारती हो गया था। उनके अनुसार, वह अब “टीनएजर” की तरह व्यवहार करने लगा है और शायद इसी वजह से वह घर से भागकर इस तरह की हरकतें कर रहा था।
मुश्किल से पकड़ाया
यह पहली बार नहीं था जब यह बंदर घर से भागा हो। इससे पहले भी वह एक बार फरार हो चुका था, जब उसकी मालकिन घर पर नहीं थीं और एक रिश्तेदार उसकी देखभाल कर रहा था।उस समय भी उसे पकड़ने में काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। आखिरकार, कई दिनों की कोशिश के बाद इस बंदर को पकड़ लिया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, उसे एक छत से उसके मालिक ने ही पकड़कर काबू किया। इसके बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली, क्योंकि अब उनका सामान और घर सुरक्षित थे। सोशल मीडिया पर भी इस “डाकू बंदर” की कहानी तेजी से वायरल हो रही है। लोग इसे मजेदार और हैरान करने वाला बता रहे हैं। कई यूजर्स ने इस घटना पर मजाकिया कमेंट्स भी किए हैं, तो कुछ ने इसे एक चेतावनी के रूप में देखा है।