डेस्क। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम का प्रदर्शन अभी तक बेहद ही निराशाजनक रहा है। टीम ने इस सीजन अभी तक पांच मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें सिर्फ एक में जीत मिली है। दो पॉइंट्स के साथ उनकी टीम अंकतालिका में 9वें पायदान पर है। मुंबई इंडियंस के लिए इस वक्त सबसे बड़ी टेंशन जसप्रीत बुमराह के फॉर्म को लेकर है। बुमराह इस आईपीएल में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। इस बीच मुंबई इंडियंस के हेड कोच महेला जयवर्धने बुमराह के सपोर्ट में सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि बुमराह इस सीजन के शुरुआती मैचों में हल्की चोट के साथ खेल रहे थे।
जसप्रीत बुमराह को लेकर जयवर्धने ने दिया बड़ा बयान
पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के बाद मीडिया से बात करते हुए जयवर्धने ने कहा कि बुमराह अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। बस पावरप्ले में हम विरोधी टीमों पर दबाव नहीं बना पा रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि विपक्षी टीम जानती है कि बुमराह के खिलाफ ज्यादा जोखिम लेने की जरूरत नहीं है। हमने कुछ अलग-अलग तरीके आजमाए हैं लेकिन वे अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। मैं किसी एक चीज पर उंगली नहीं उठा सकता और यह नहीं कह सकता कि उन्होंने विकेट नहीं लिया है। इस दौरान जयवर्धने ने ये भी खुलासा किया कि आईपीएल की शुरुआत में बुमराह मामूली रूप से चोटिल थे लेकिन अब वह पूरी तरह ठीक हो गए हैं।
रोहित शर्मा की फिटनेस पर रोहित शर्मा ने दिया अपडेट
जयवर्धने ने इस दौरान रोहित शर्मा के चोट को लेकर भी बात की। उन्होंने बताया कि रोहित की चोट गंभीर नहीं है और टीम मैनेजमेंट उन्हें ज्यादा दबाव में नहीं रखना चाहता क्योंकि टूर्नामेंट अभी शुरुआती दौर में है। जयवर्धने ने बताया कि रोहित ने कल (बुधवार) से दौड़ना शुरू कर दिया है, बल्लेबाजी भी की है। हम हर दिन उनकी रिकवरी को चेक कर रहे हैं। उनकी चोट गंभीर नहीं है लेकिन साथ ही, हम जल्दबाजी नहीं करना चाहते और अभी सीजन की शुरुआत है। लेकिन रोहित किस मैच से वापसी करेंगे इसको लेकर जयवर्धने ने साफ तौर पर कुछ भी नहीं बताया।
हार्दिक पांड्या को लेकर जयवर्धने ने क्या कहा?
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में जयवर्धने ने ये भी साफ कर दिया कि लगातार चार मैच हारने के बाद भी हार्दिक पांड्या पर कोई दबाव नहीं है। उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि यह सिर्फ हार्दिक की जिम्मेदारी है। यह हम सभी की जिम्मेदारी है। जब हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं, तो यह किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं होती, बल्कि यह पता करना मेरी और टीम मैनेजमेंट में शामिल हर व्यक्ति की जिम्मेदारी होती है कि हम बेहतर प्रदर्शन कैसे कर सकते हैं।