कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीचंदनपुर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के एक स्थानीय नेता को अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान खलिल मल्लिक के रूप में हुई है, जो श्रीचंदनपुर गांव का निवासी और वर्तमान में तृणमूल कांग्रेस का पंचायत सदस्य बताया जा रहा है. घटना के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गयी हैI
घर से बरामद हुई 9 एमएम रिवॉल्वर और जिंदा कारतूस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहनपुर थाने को गुप्त सूचना मिली थी कि पंचायत सदस्य के घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे गये हैं. सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने खलिल मल्लिक के घर पर अचानक छापेमारी की. तलाशी अभियान के दौरान घर के अंदर से एक अत्याधुनिक 9 एमएम रिवॉल्वर और कई राउंड जिंदा गोलियां बरामद की गयीं. बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को तुरंत हिरासत में ले लियाI
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास यह प्रतिबंधित हथियार कहां से आया और क्या इसका इस्तेमाल किसी आपराधिक गतिविधि या इलाके में अशांति फैलाने के लिए किया गया थाI
अदालत में पेशी, रिमांड की तैयारी
मोहनपुर थाना पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को दांतन एसीजेएम अदालत में पेश किया जायेगा. मामले की गहराई से जांच और हथियार तस्करी नेटवर्क के संभावित लिंक का पता लगाने के लिए पुलिस अदालत से आरोपी की पुलिस रिमांड की मांग करेगीI
विपक्ष का हमला, पुलिस ने कहा- जांच होगी निष्पक्ष
तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य के घर से हथियार मिलने की घटना के बाद विपक्षी दलों ने राज्य सरकार और सत्तारूढ़ पार्टी पर निशाना साधना शुरू कर दिया है. विपक्ष का आरोप है कि इलाके में दबदबा कायम रखने के लिए सत्ता के संरक्षण में हथियारों का जखीरा तैयार किया जा रहा है. वहीं पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि कानून सबके लिए समान है और मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही हैी