आसनसोल। आसनसोल के रेलपार इलाके में लाउडस्पीकर को लेकर प्रशासनिक संदेश देने के बाद तनाव की स्थिति पैदा हो गई। लोगों ने पुलिस गाड़ी पर हमला किया और तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश के बाद जहांगिरी मोहल्ला पुलिस रेलपार क्षेत्र में रहने वाले समुदाय के लोगों के बीच लाउडस्पीकर संबंधी प्रशासनिक संदेश पहुंचाने गई थी। इसके बाद इलाके के कई मंदिरों और मस्जिदों में बैठकें भी शुरू हुईं।
अफवाह फैलाने से अचानक माहौल गर्म
इसी दौरान कुछ अराजक तत्वों द्वारा अफवाह फैला दिए जाने से अचानक माहौल गर्म हो गया। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व बड़ी संख्या में जहांगिगिरी मोहल्ला पुलिस फाड़ी पहुंच गए और वहां जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की।
उपद्रवियों ने पुलिस फाड़ी परिसर में तांडव मचाने के साथ-साथ आसपास के इलाके में भी कई जगह नुकसान पहुंचाया। इस घटना से पूरा इलाका रण क्षेत्र में तब्दील हो गया।
वाहनों को बनाया निशाना
घटना के दौरान कई वाहनों को निशाना बनाया गया। क्षतिग्रस्त वाहनों में पुलिस की गाड़ियां और आम लोगों के वाहन भी शामिल हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश शुरू की। पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठी चार्ज किया और आंसू गैस के गोले भी दागे। फिलहाल पूरे इलाके में कड़ी पुलिस निगरानी जारी है।
प्रशासन की ओर से तोड़फोड़ और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। डीसीपी पीवीजी सतीश ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है सीसीटीवी से उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है।
घटना कतई बर्दाश्त नहीं: भाजपा विधायक
वही आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदू मुखर्जी ने कहा कि इस तरह की घटना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर को शांत करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस उपद्रवियों को चिन्हित कर रही है उन पर कड़ी कार्रवाई होगी।
जो लोग भी इस घटना के पीछे हैं उन जिन्होंने इस साजिश को अंजाम दिया है उन्हें भी तलाशा जा रहा है एसी घर में बैठकर जिन लोगों ने यह सब करवाया है वह भी नहीं बचने वाले हैं।