मुजफ्फरपुर : मुजफ्फरपुर के मुशहरी थाना क्षेत्र के रोहुआ में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब बुडको (BUDCO) द्वारा नाला निर्माण के दौरान जेसीबी मशीन से पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन फटते ही तेज गैस रिसाव शुरू हो गया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालात इतने गंभीर हो गए कि आसपास के स्कूलों में तत्काल छुट्टी घोषित करनी पड़ी।
गैस रिसाव की चपेट में आईं 5 छात्राएं, दम घुटने से हुईं बेहोश
गैस रिसाव के दौरान वहां से गुजर रही पांच स्कूली छात्राएं अचानक सांस लेने में तकलीफ के कारण बेहोश हो गईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत सभी छात्राओं को मुशहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी छात्राओं की हालत फिलहाल स्थिर है।
इन छात्राओं की बिगड़ी तबीयत
अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक, बेहोश होने वाली छात्राओं में दसवीं कक्षा की दिव्या, नाहिद, अमृता और राखी, जबकि ग्यारहवीं कक्षा की छात्रा विशाखा शामिल हैं। गैस रिसाव के कारण सभी को सांस लेने में परेशानी हुई और वे बेहोश हो गईं।
नाला निर्माण के दौरान हुआ बड़ा हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बुडको की ओर से नाला निर्माण का कार्य चल रहा था। खुदाई के दौरान जेसीबी मशीन की चपेट में पीएनजी पाइपलाइन आ गई, जिससे पाइप फट गया और तेज गैस रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में गैस आसपास के इलाके में फैल गई, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस और तकनीकी टीम, गैस सप्लाई तुरंत बंद
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और गैस पाइपलाइन ऑपरेटर की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने तत्काल गैस आपूर्ति बंद कर फटी पाइपलाइन की मरम्मत शुरू की। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने और प्रभावित क्षेत्र से दूर रहने की सलाह दी गई।
स्कूलों में मची भगदड़, एहतियातन कर दी गई छुट्टी
गैस रिसाव की खबर फैलते ही आसपास के स्कूलों में भी दहशत का माहौल बन गया। छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने तत्काल छुट्टी की घोषणा कर दी। अभिभावक भी बच्चों को लेने के लिए स्कूलों की ओर दौड़ पड़े, जिससे कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल, जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नाला निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, और आखिर पाइपलाइन किस वजह से क्षतिग्रस्त हुई। प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।