नई दिल्ली। नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के राष्ट्रपति बेंजामिन नेतन्याहू ने दावा किया है कि उनके मिसाइल हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो चुकी है। ईरानी मीडिया ने इस बात को कंफर्म किया है। ऐसे में अब ये सवाल उठ रहा है कि क्या खामेनेई की मौत के बाद इजरायल और ईरान के बीच शुरू हुआ ये युद्ध रुक जाएगा। हमलों से बौखलाया ईरान लगातार इजरायल पर मिसाइल अटैक कर रहा है। ऐसे में एक बड़ा सवाल यह भी है कि इजरायल में फंसे भारतीयों को किस तरह से रेस्क्यू किया जाएगा। इस मुद्दे पर विदेश मंत्रालय का बयान सामने आया है।
मिस्र या जॉर्डन के रास्ते निकाला जाएगा
इजरायल में भारत के राजदूत जेपी सिंह ने इजरायल में फंसे भारतीयों को रेस्क्यू करने का प्लान साझा किया है। एनडीटीवी के मुताबिक जेपी सिंह ने कहा कि भारतीय दूतावास उन सभी लोगों के संपर्क में है जो फंसे हुए हैं। एम्बेसी ने फिर से एक एडवाइजरी जारी की है। हम मिस्र या जॉर्डन के रास्ते उन्हें बाहर निकालने का प्लान बनाएंगे, जो भी रास्ता ज्यादा सुरक्षित हो और जैसे ही मौका मिलेगा रेस्क्यू किया जाएगा। जेपी सिंह ने आगे कहा कि अभी सड़क यात्रा के लिए हालात ठीक नहीं हैं।
भारत ने चलाया असरदार इवैक्युएशन
इजरायल में भारतीय राजदूत ने कहा कि सभी को सलाह दी जाती है कि वे एडवाइजरी और लोकल अथॉरिटी के निर्देशों का पालन करें। भारत ने हमेशा एक असरदार इवैक्युएशन मिशन चलाया है, जब भी मुश्किल समय में उसके नागरिकों को घर लौटने में मदद की जरूरत पड़ी है। यूक्रेन में युद्ध की शुरुआत में सरकार के अरेंज किए गए स्पेशल एयरक्राफ्ट से कई भारतीयों को घर लाया गया था।
आईआरजीसी का कहना है कि जल्द ही ‘विनाशकारी हमला’ शुरू होगा
ईरान की फार्स समाचार एजेंसी ने आईआरजीसी का एक बयान प्रकाशित किया है, जिसमें ईरान के इस्लामी गणराज्य के इतिहास में सबसे विनाशकारी आक्रामक अभियान की शुरुआत की घोषणा की गई है। आईआरजीसी ने कहा कि यह हमला ‘कुछ ही क्षणों’ में शुरू होगा और क्षेत्र में कब्जे वाले क्षेत्रों और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाएगा।
IRGC ने दुख जताया, बदला लेने की कसम खाई
फार्स न्यूज एजेंसी के एक बयान के मुताबिक इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने खामेनेई की मौत पर कहा है कि हमने एक महान लीडर खो दिया है और हम उनके लिए दुख मनाते हैं। बयान में कहा गया कि IRGC घरेलू और विदेशी साजिशों का डटकर सामना करेगा।
खामेनेई की मौत पर ईरानी नागरिकों में जश्न का माहौल
अमेरिका द्वारा ईरानी सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत का दावा किए जाने के बाद ईरान के विभिन्न हिस्सों में जश्न की खबरें आईं। खामेनेई की मौत ने पूरे देश में राहत और खुशी की लहर दौड़ा दी है और बहुत से ईरानियों ने इसे एक नई शुरुआत का संकेत माना है। ईरानी एक्टिविस्ट और पत्रकार मसीह अलीनेजाद ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें ईरान में लोगों को जश्न मनाते हुए दिखाया गया। उन्होंने लिखा, “क्या मैं सपना देख रहा हूं? हैलो, नया दुनिया।” एक और पोस्ट में उन्होंने भावुक होते हुए कहा “हर सुबह मैं पढ़ता हूं कि मेरे लोग अली खामेनेई द्वारा मारे जा रहे हैं, लेकिन आज की सुबह मुझे जो खबर मिली, वह मेरे जीवन की सबसे अच्छी खबर है। मैं बस दौड़ना चाहती हूं और खुशी से चिल्लाना चाहती हूं।”
ईरानी मीडिया का दावा- मारे गए अयातुल्ला अली खामेनेई
ईरानी न्यूज एजेंसियों ने दावा किया है कि ईरान के सुप्रीम नेता अयातुल्ला अली खामेनेई अमेरिका-इस्राइल के हमले में मारे गए हैं। अल जजीरा के मुताबिक, ईरानी मीडिया फार्स और तस्नीम ने खामेनेई के मौत की पुष्टि की है।
बुर्ज अल अरब के पास इंटरसेप्ट किया गया ड्रोन
ईरान द्वारा कई देशों में किए गए हमलों के बाद पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच, दुबई के अधिकारियों ने बताया कि बुर्ज अल अरब के पास एक ड्रोन को रोका गया, जिससे मलबा गिरा और होटल के बाहरी हिस्से में मामूली आग लग गई। नागरिक सुरक्षा टीमों ने तुरंत आग पर काबू पा लिया और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। यह घटना अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर संयुक्त मिसाइल हमलों के बाद हुई है, जिसमें शनिवार को तेहरान और अन्य प्रमुख शहरों में बड़े विस्फोटों की खबर है, जो मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष में तनाव के विस्तार का संकेत देते हैं।
इस बीच, ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कई खाड़ी देशों में इस्राइल और अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान की राजधानी तेहरान में कई विस्फोटों की आवाज सुनी गई है, जबकि देश भर में कई अन्य स्थानों पर भी धमाकों की सूचना मिली है। एक्स पर एक पोस्ट में, दुबई मीडिया कार्यालय ने बताया, “अधिकारियों ने पुष्टि की है कि एक ड्रोन को रोका गया था, और उसके मलबे के कारण बुर्ज अल अरब के बाहरी हिस्से में मामूली आग लग गई। नागरिक सुरक्षा दल ने तुरंत कार्रवाई की और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है।”