डेस्क। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने रविवार को आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब पर कब्जा कर लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले फाइनल में टीम इंडिया ने पहले बल्ले से कोहराम मचाया और फिर बुमराह के नेतृत्व वाली बॉलिग डिपार्टमेंट ने कीवियों के बल्लेबाजी खेमे को तहस-नहस करके रख दिया।
हालांकि, भारत को टूर्नामेंट जीते एक दिन भी पूरा नहीं हुआ था कि एक स्टार खिलाड़ी ने अचानक से संन्यास की घोषणा करके क्रिकेट जगत में हड़कंप मचा दिया। चौंकाने वाली बात ये है कि खिलाड़ी ने अपना करियर सिर्फ 24 साल की उम्र में समाप्त कर लिया।
T20 World Cup के बाद स्टार खिलाड़ी ने लिया संन्यास
एक तरफ जहां भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप 2026 की ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया है तो दूसरी ओर पड़ोसी देश पाकिस्तान के एक युवा खिलाड़ी ने संन्यास की घोषणा करके क्रिकेट जगत में हड़कंप मचा दिया है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं बल्कि 24 वर्षींय शहजेब भट्टी हैं, जिन्होंने पाकिस्तानी क्रिकेट को हमेशा-हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है।
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए भट्टी ने अपने रिटायरमेंट की घोषणा की। जबकि उनके इस फैसले से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि जो खिलाड़ी एक समय पाकिस्तान का भविष्य माना जा रहा है, उसने गंभीर आरोप लगाकर पाकिस्तान क्रिकेट से दूरियां बना ली हैं।
सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट
किसी भी युवा खिलाड़ी का सपना होगा कि वह कम से कम एक बार अपने देश का प्रतिनिधित्व जरूर करे। लेकिन शहजेब भट्टी के लिए यह संभव नहीं हो सका। भट्टी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर करके लिखा कि
‘’अलविदा पाकिस्तान क्रिकेट। मैं 24 साल की उम्र में पाकिस्तान क्रिकेट को छोड़ रहा हूं। मैंने पिछले साल लाइव टीवी पर कायदे-आजम-ट्रॉफी जीती थी, लेकिन उसके बाद मुझे लगातार 40 मैचों के लिए सिर्फ बेंच पर बैठा दिया गया।’’
बता दें कि, शहजेब भट्टी सिर्फ इतने पर भी खामोश नहीं हुए, बल्कि उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड और पाकिस्तानी सरकार पर भी कई संगीन आरोप लगाए, जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट के वजूद पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
PCB पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप
शहजेब भट्टी ने अपने आगे की पोस्ट में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि ‘’मेरा सिर्फ एक सपना था कि मैं पाकिस्तान के लिए क्रिकेट खेलूं। लेकिन राजनीति भ्रष्टाचार और लचर क्रिकेट ढांचे ने मेरे और कई अन्य खिलाड़ियों का करियर बर्बाद कर दिया। अब मुझे समझ आने लगा है कि हर कोई पाकिस्तान क्रिकेट क्यों छोड़ रहा है।’’
हालांकि, यह कोई पहला मामला नहीं है, जब किसी पाकिस्तानी खिलाड़ी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर इस तरह के आरोप लगाए हैं। इससे पहले पाकिस्तानी नेशनल टीवी पर पाकिस्तान के पूर्व ओपनर अहमद शहजाद भी पीसीबी पर आरोप लगा चुके हैं।
जबकि पाकिस्तान के नंबर एक बल्लेबाज माने जाने वाले बाबर आजम को भी इसी राजनीति के चलते पहले कप्तानी से हाथ धोना पड़ा और फिर चयनकर्ताओं ने उनको टीम से ड्रॉप करना शुरू कर दिया। जो खिलाड़ी एक समय पाकिस्तान का दिग्गज माना जा रहा था, उसी का करियर तबाह करने में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कोई कसर नहीं छोड़ी। अब इस लिस्ट में शहजेब भट्टी का नाम भी शामिल हो चुका है।
क्या दूसरे देश का करेंगे रुख?
हालांकि, शहजेब भट्टी ने अपने इस बयान में ये नहीं कहा कि वह दूसरे देश के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलेंगे या फिर हमेशा-हमेशा के लिए क्रिकेट से दूरियां बना लेंगे। बता दें कि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पाकिस्तान छोड़कर दूसरे देश के लिए क्रिकेट खेलना है। संयुक्त राज्य अमेरिका, ओमान, संयुक्त अरब अमीरात, कनाडा, नामीबिया में कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पाकिस्तान की बजाय इन देशों का राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है। ऐसे में शहजेब भी दूसरे देश में अवसर की तलाश कर सकते हैं। बता दें कि, शहजेब ने कायदे-आजम-ट्रॉफी में सियालकोट क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। जबकि फाइनल की पहली पारी में उन्होंने निर्णायक 40 रन बनाए थे। जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से नाबाद 32 रन निकले थे। सियालकोट को फाइनल जिताने में भट्टी का बल्ले से काफी अहम योगदान रहा था।