नई दिल्ली: अमेरिका और इजरायल के ईरान पर हमले के बाद पूरी दुनिया लगभग थम सी गई है। ईरान मिडिल ईस्ट के देशों में मौजूद अमेरिका के एयरबेस पर हमले कर रहा है। यूएई से लेकर सउदी अरब, बहरीन, कतर और कुवैत जैसे देशों में ईरान ने मिसाइल दागे हैं। इसकी वजह से इन देशों के एयरस्पेस भी बंद हैं। दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट दुनिया के सबसे व्यस्त एयरपोर्ट में आता है। भारतीय स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी और ओलंपिक में दो मेडल जीत चुकीं पीवी सिंधु भी वहां फंसी हुई हैं।
हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं
पीवी सिंधु ऑल इंग्लैंड टूर्नामेंट में हिस्सा लेने बर्मिंघम जा रही थी। वह दुबई एयपोर्ट पर फंसी हैं। सिंधु ने शनिवार की रात पोस्ट डालकर यह जानकारी दी थी। अब उन्होंने नया पोस्ट डालकर स्थिति के बारे में बताया है। सिंधु ने लिखा, ‘यह मुश्किल बढ़ती जा रही है और हालात हर घंटे और डरावने होते जा रहे हैं। कुछ घंटे पहले एयरपोर्ट पर हम जहां छिपे हुए थे, उसके पास एक धमाका हुआ। मेरे कोच को जल्दी से उस जगह से भागना पड़ा क्योंकि वह धुएं और मलबे के सबसे करीब थे। यह हम सभी के लिए बहुत टेंशन वाला और डरावना पल था।’
उन्होंने आगे बताया- हम सब अब सुरक्षित हैं और दुबई एयरपोर्ट के स्टाफ और दुबई अथॉरिटीज की लगातार कोशिशों की वजह से हमें ज्यादा सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है। दुबई में इंडियन हाई कमीशन को भी उनके जबरदस्त सपोर्ट और हमें सुरक्षित रखने में लगातार मदद के लिए खास धन्यवाद। अभी के लिए हम थोड़ा आराम करने और उम्मीद बनाए रखने की कोशिश कर रहे हैं क्योंकि हम चीजों के ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।
चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी हमले से पहले ही ऑल इंग्लैंड टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए बर्मिघम पहुंच गए। लेकिन भारतीय पुरुष बास्केटबॉल टीम भी फंसी हुई है। टीम 2027 FIBA वर्ल्ड कप एशियन क्वालिफायर के लिए जा रही थी। वह अभी कतर के दोहा में फंसी हुई है। उन्हें अपने अगले असाइनमेंट के लिए लेबनान जाना था।