नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस के अनुसार, समयपुर बादली इलाके में गर्भवती पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के आरोपी मुनचुन केवट ने गिरफ्तारी के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पूछताछ में उसने बताया कि वह क्रिकेट और अन्य खेलों पर सट्टेबाजी के कारण भारी कर्ज में डूब गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने उधार लिया, लेकिन उसमें से भी करीब एक लाख रुपये सट्टे में हार गया। आरोपी के मुताबिक, वसूली के लिए आए एक फोन कॉल के दौरान उसे कथित तौर पर धमकी भरी बातें कही गईं, जिसके बाद उसने परिवार को खत्म करने का फैसला कर लिया। पुलिस के अनुसार, कॉल के कुछ समय बाद ही वह करीब 90 रुपये में सब्जी/कटहल काटने वाला चाकू खरीदकर लाया और उसी से पत्नी व बेटियों की हत्या कर दी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी मुनचुन सिरसपुर के चंदन पार्क इलाके में किराये के एक कमरे में अपनी पत्नी और तीन बेटियों के साथ रहता था। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला था और आजादपुर मंडी में सब्जी बेचने का काम करता था। जांच में सामने आया है कि वह जुए और सट्टेबाजी की लत में पड़ चुका था। आरोपी क्रिकेट मैचों और अन्य खेलों पर ऑनलाइन तथा ऑफलाइन सट्टा लगाता था। लगातार नुकसान होने के कारण वह भारी कर्ज में डूब गया था, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई थी।
कर्ज चुकाने के लिए उधार, उसमें भी आधा जुए में हार गया
पूछताछ में आरोपी मुनचुन ने बताया कि पिछले महीने उसने ससुराल पक्ष से 2 लाख रुपये उधार लिए थे। इनमें से 60 हजार रुपये मिथिलेश नाम के एक कर्जदाता को लौटाए और 40 हजार रुपये एक लहसुन आपूर्तिकर्ता को दिए। हालांकि, बाकी बचे 1 लाख रुपये उसने दोबारा जुए और सट्टेबाजी में लगा दिए, जिसमें वह पूरी रकम हार गया। जांच अधिकारियों के अनुसार, परिवार भारी कर्ज और आर्थिक संकट से गुजर रहा था, जिसके चलते घर में लगातार तनाव की स्थिति बनी हुई थी।
फोन पर बीवी बच्चों को लेकर दी गई थी धमकी: मुनचुन
आरोपी मुनचुन ने पूछताछ में बताया कि 23 फरवरी को मिथिलेश नामक कर्जदाता ने उसे फोन कर पूरा कर्ज तुरंत चुकाने को कहा। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर तीखी बहस और कहासुनी हुई। आरोप है कि बातचीत के दौरान मिथिलेश ने कथित तौर पर धमकी दी कि पैसे न देने पर वह उसकी पत्नी अनीता (30) को अपने पास रख लेगा और बच्चों से भी काम करवाएगा। पुलिस के मुताबिक, इस कथित धमकी से गुस्साए मुनचुन ने उसका नंबर ब्लॉक कर दिया और इसके बाद खुद तथा पूरे परिवार को खत्म करने जैसा खौफनाक फैसला कर लिया।
गला काटने से पहले होली शॉपिंग
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी मुनचुन उस दिन करीब एक बजे मंडी से एक चाकू खरीदकर घर लाया और उसे छिपाकर रख दिया। पुलिस का कहना है कि उसने उसी रात वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई थी, लेकिन किसी कारण से ऐसा नहीं कर सका। अगले दिन भी वह करीब एक बजे ही घर लौट आया। हर मंगलवार की तरह वह उस दिन व्रत पर था और शाम को पत्नी व बेटियों को होली की खरीदारी के लिए बाजार भी ले गया।
पुलिस के मुताबिक, रात में स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब पत्नी अनीता ने उसे बताया कि मिथिलेश ने उसे भी फोन किया था। इसके बाद रात करीब साढ़े 11 बजे पति-पत्नी के बीच तीखा झगड़ा हुआ, जिसने घटनाक्रम को और गंभीर बना दिया।
पहले पत्नी फिर बेटियों को काटा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, आरोपी मुनचुन उस रात सोया नहीं था। सुबह करीब 4 बजे जब उसकी पत्नी अनीता की आंख खुली और उसने पति से जागने की वजह पूछी, तभी उसने छिपाकर रखा चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। पुलिस को मौके से दोनों के बीच कुछ देर संघर्ष के संकेत भी मिले हैं। जांच के अनुसार, हमले के दौरान आवाज सुनकर बड़ी बेटी जाग गई और रोने लगी, जिसके बाद आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी दो अन्य बेटियों को भी नहीं छोड़ा। बताया जा रहा है कि अनीता दो महीने की गर्भवती थी, जिससे इस वारदात में कुल पांच लोगों की मौत हो गई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद वह खुद भी जान देना चाहता था, लेकिन ऐसा नहीं कर सका। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़कर आरोपपत्र तैयार किया जा रहा है।
कैसे पकड़ा गया मुनचुन
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मुनचुन अजमेर की ओर भाग गया, जहां वह पहले काम कर चुका था। वह अजमेर जाने वाली ट्रेन में सवार हुआ, लेकिन वहां पहुंचने से पहले किशनगढ़ स्टेशन पर उतर गया। इधर, स्पेशल सीपी (लॉ एंड ऑर्डर) रविंद्र के नेतृत्व में छह टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने 72 घंटों के भीतर करीब 800 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपी की आवाजाही और भागने के रास्तों का पता लगाया।
किशनगढ़ में पकड़े जाने के बाद मुनचुन ने बताया कि वह वहां मंडी में सोता था और सड़क किनारे ठेलों से खाना खरीदकर गुजारा कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि उसका नाम पहले आदर्श नगर इलाके में एक चोरी के मामले में भी जुड़ चुका था। इसके अलावा, वह सोशल मीडिया पर हथियार के साथ अपनी तस्वीरें भी पोस्ट कर चुका था।