Home » मनोरंजन » बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप के बाद ‘टॉक्सिक’ को बड़ा झटका, OTT डील में भारी गिरावट की खबर,अब सिर्फ इतने करोड़ का ऑफर

बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप के बाद ‘टॉक्सिक’ को बड़ा झटका, OTT डील में भारी गिरावट की खबर,अब सिर्फ इतने करोड़ का ऑफर

मुंबई। यश, नयनतारा और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने और दर्शकों से मिली आलोचनाओं के बाद अब फिल्म की कथित ओटीटी. . .

मुंबई। यश, नयनतारा और कियारा आडवाणी स्टारर फिल्म ‘टॉक्सिक’ की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं करने और दर्शकों से मिली आलोचनाओं के बाद अब फिल्म की कथित ओटीटी डील को लेकर भी बड़ा दावा सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिलीज से पहले जिस फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए करीब 150 करोड़ रुपये तक के ऑफर की चर्चा थी, अब वही रकम कथित तौर पर करीब 30 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। 500 करोड़ रुपये से अधिक के बजट में बनी इस फिल्म से मेकर्स को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कमाई की उम्मीद थी। लेकिन रिलीज के बाद कमजोर प्रतिक्रिया ने फिल्म के कारोबार को प्रभावित किया। इसका असर अब फिल्म के डिजिटल राइट्स की संभावित कीमत पर भी पड़ता नजर आ रहा है।

रिलीज से पहले OTT प्लेटफॉर्म ने दिया था 150 करोड़ का ऑफर?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म की रिलीज से पहले ओटीटी प्लेटफॉर्म की ओर से इसके डिजिटल राइट्स के लिए करीब 150 करोड़ रुपये की पेशकश की गई थी। हालांकि, मेकर्स कथित तौर पर इससे भी ज्यादा रकम की उम्मीद कर रहे थे और उन्होंने डील को आगे नहीं बढ़ाया। मेकर्स को उम्मीद थी कि सिनेमाघरों में फिल्म की जबरदस्त कमाई के बाद डिजिटल राइट्स की कीमत और बढ़ सकती है। लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म के कमजोर प्रदर्शन के बाद परिस्थितियां बदल गईं।

अब करीब 30 करोड़ रुपये के ऑफर की चर्चा

मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म के डिजिटल राइट्स के लिए अब करीब 30 करोड़ रुपये तक के ऑफर की चर्चा है। रिपोर्ट के अनुसार, फिलहाल सबसे बड़े ऑफर के तौर पर जी5 का नाम सामने आ रहा है। अगर यह रिपोर्ट सही है तो रिलीज से पहले के कथित 150 करोड़ रुपये के ऑफर की तुलना में यह भारी गिरावट होगी। हालांकि, फिल्म की अंतिम ओटीटी डील को लेकर आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

OTT रिलीज के लिए बदला जा सकता है फिल्म का कट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स अब डिजिटल रिलीज को बेहतर बनाने के लिए फिल्म के ओटीटी वर्जन में बदलाव पर विचार कर रहे हैं। चर्चा है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए फिल्म का अलग कट तैयार किया जा सकता है। मेकर्स की कोशिश बताई जा रही है कि नए वर्जन के जरिए फिल्म की डिजिटल अपील बढ़ाई जाए और ओटीटी डील से होने वाले नुकसान को कुछ हद तक कम किया जा सके।

सैटेलाइट राइट्स भी बन सकते हैं चुनौती

फिल्म की कथित एडल्ट थीम और ट्रीटमेंट के कारण इसके सैटेलाइट राइट्स को लेकर भी मुश्किलें आने की बात कही जा रही है। ऐसे कंटेंट को टेलीविजन पर प्रसारित करने के लिए बदलाव या कट की जरूरत पड़ सकती है। यही वजह है कि मेकर्स को टीवी राइट्स से भी बड़ी रिकवरी की उम्मीद कम बताई जा रही है।

बॉक्स ऑफिस पर उम्मीदों के मुताबिक नहीं चला यश का स्टारडम

भारी प्रमोशन और लंबे इंतजार के बाद रिलीज हुई ‘टॉक्सिक’ से काफी उम्मीदें थीं। फिल्म ने एडवांस बुकिंग के दम पर शुरुआती दौर में मजबूत शुरुआत की, लेकिन इसके बाद कलेक्शन में तेजी से गिरावट आने की खबरें सामने आईं। सोशल मीडिया पर भी फिल्म की कहानी और ट्रीटमेंट को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। नतीजा यह रहा कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक रफ्तार बरकरार नहीं रख सकी।

मेकर्स को भारी नुकसान की आशंका

रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि फिल्म के थिएटर कारोबार में मेकर्स को करीब 300 करोड़ रुपये तक के नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में ओटीटी और अन्य डिजिटल अधिकारों से मिलने वाली रकम महत्वपूर्ण हो सकती है। फिलहाल ‘टॉक्सिक’ की ओटीटी रिलीज और डिजिटल राइट्स की अंतिम डील को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। अगर कम कीमत पर डील होती है, तो यह फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस के बाद एक और बड़ा झटका साबित हो सकता है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम