कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनावों की तैयारियों का जायजा लेने पहुंची चुनाव आयोग की फुल बेंच को सोमवार सुबह उस वक्त असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के गृह इलाका कालीघाट में भारी विरोध झेलना पड़ा।
सोमवार सुबह ज्ञानेश कुमार राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल के साथ कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। उनके आगमन से पहले ही प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह मंदिर के बाहर जमा हो गया। जैसे ही मुख्य चुनाव आयुक्त मंदिर से बाहर निकले, प्रदर्शनकारियों ने उन्हें काले झंडे दिखाकर ‘गो बैक’ के नारे लगाने लगे।
प्रदर्शनकारियों ने लगाए ये आरोप
प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर था। उनका दावा है कि एसआइआर प्रक्रिया के नाम पर मतदाता सूची से जानबूझकर कई वैध मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और इस प्रक्रिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की।
भारी हंगामे के बीच संयम बनाए रखे चुनाव आयुक्त
इस भारी हंगामे और तनावपूर्ण माहौल के बीच ज्ञानेश कुमार ने संयम बनाए रखा। उन्होंने प्रदर्शन को लेकर मीडिया के सामने कोई भी टिप्पणी करने से इन्कार कर दिया और पूजा के बाद चुपचाप गंतव्य के लिए रवाना हो गए।
बता दें कि चुनाव आयोग की टीम आज से राज्य प्रशासन और विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें शुरू करने वाली है, जिससे पहले इस विरोध प्रदर्शन ने राज्य का सियासी पारा बढ़ा दिया है।