जलगांव। महाराष्ट्र के जलगांव जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। अमलनेर तालुका के मंगरूल गांव के पास ST बस, कार और दोपहिया वाहन के बीच हुई भीषण टक्कर में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार में सवार लोग गुजरात से एक सगाई समारोह में शामिल होने आ रहे थे। हादसा इतना भयानक था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
आखिर यह भीषण हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह मंगरूल गांव के बाहरी इलाके में अचानक ST बस, कार और मोटरसाइकिल की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार और बाइक के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों ने हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और मेडिकल टीम भी तुरंत मौके पर पहुंच गई। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल मृतकों की पहचान करने का काम जारी है।
सगाई समारोह में जा रहे लोगों पर कैसे टूटा मौत का कहर?
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार लोग गुजरात से सरखपुरा कार्यक्रम यानी सगाई समारोह में शामिल होने आ रहे थे। परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन रास्ते में यह हादसा हो गया। अचानक हुई इस दुर्घटना ने कई परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। अमलनेर इलाके में इस घटना के बाद गहरा दुख और तनाव का माहौल बना हुआ है।
महाराष्ट्र के वसई इलाके में भी एक अलग सड़क हादसा सामने आया। सनसिटी इलाके में एक बुजुर्ग दंपति की स्कूटी बिना संकेत दिए अचानक मुड़ गई, जिसके बाद पीछे से आ रही मोटरसाइकिल उससे टकरा गई। इस हादसे में बाइक चालक अमित असवेकर और उसका दोस्त मामूली रूप से घायल हुए, जबकि बुजुर्ग दंपति को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।