नई दिल्ली। इस वक्त जहां हर तरफ ‘धुरंधर 2’ और रणवीर सिंह के नाम की चर्चा है वहीं ‘रामायणम्’ के रणबीर कपूर ने टाइम मैगजीन के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में बाजी मार ली है। जी हां, टाइम मैगजीन ने इस साल अपनी एनुअल लिस्ट जारी की जिसमें 100 प्रभावशाली लोगों की लिस्ट में डोनाल्ड ट्रम्प, जोहरान ममदानी, बेन स्टिलर और सुंदर पिचाई जैसे नामों में एक भारतीय एक्टर का भी नाम है और वो हैं रणबीर कपूर।
टाइम मैगजीन ने दुनिया के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की अपनी सलाना लिस्ट जारी की है। बता दें कि इस लिस्ट में वर्षों से किसी फेमस व्यक्ति की ग्लोबल पॉप्युलैरिटी और प्रभाव के दम पर उनकी जगह बनाई जाती है। इस साल इस लिस्ट में जहां दुनिया भर के तमाम दिग्गज हैं वहीं कुछ भारतीयों ने भी इसमें जगह बनाई है।इसमें बॉलीवुड स्टार रणबीर कपूर भी शामिल हैं । यहां ये भी बता दें कि उनके अलावा इस लिस्ट में सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना भी शामिल हैं।
टाइम मैगजीन के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों में दुनिया भर के तमाम धुरंधरों के नाम
बुधवार को टाइम मैगजीन ने 2026 के 100 सबसे प्रभावशाली लोगों की अपनी लिस्ट जारी की है जिसमें दुनिया भर के तमाम धुरंधरों के नाम शामिल हैं। इनमें ग्लोबल बिजनेसमैन, नेता और कलाकारों के अलावा इनोवेटर्स और प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं।
आयुष्मान खुराना ने रणबीर के लिए लिखी ये बात
मजेदार ये है कि टाइम मैगजीन में रणबीर कपूर का प्रोफाइल उनके साथी कलाकार और स्टार आयुष्मान खुराना ने लिखा था । आयुष्मान ने लिखा, ‘कुछ एक्टर विरासत को पाने के लिए संघर्ष करते हैं और कुछ अपनी कला के दम पर विरासत बन जाते हैं। रणबीर कपूर इसी कैटिगरी में आते हैं।’ उन्होंने इसमें इस बात पर जोर दिया कि रणबीर बॉलीवुड में बॉक्स ऑफिस और वीकेंड कलेक्शन की चर्चाओं से आगे निकल चुके हैं।
रणबीर की प्रोफाइल में कही गई ये बातें
प्रोफाइल में आगे कहा गया है, ‘भारतीय सिनेमा जैसे जीवंत और जोशीली इंडस्ट्री में हम अक्सर महानता को बॉक्स ऑफिस कलेक्शन, फैन्स की दीवानगी और ओपनिंग वीकेंड जैसे बड़े पैमाने पर मापते हैं। लेकिन कभी-कभी कोई एक्टर कुछ ऐसा कर दिखाता है जो शांत होते हुए भी कहीं अधिक स्थायी होता है। ऐसी दुनिया जहां एक्टिंग को अक्सर बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जाता है, रणबीर उसे आंतरिक रूप से आत्मसात करते हैं। वे शांत संयम होते हुए हमारी संस्कृति को दर्शाते हैं। वे उस भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं जो अंततः खुद को सुनना सीख रहा है और अपनी सरल प्रामाणिकता से एक छाप छोड़ता है।’
‘रणबीर सिर्फ एक फिल्मी सितारा नहीं हैं, बल्कि एक कहानीकार हैं’
उन्होंने कहा, ‘रणबीर सिर्फ एक फिल्मी सितारा नहीं हैं, बल्कि एक कहानीकार हैं जो ग्लोबल दर्शकों से बात करते हैं और उन्हें एक ऐसे पौराणिक, काल्पनिक देश की कहानियां सुनाते हैं जहां रामायण जैसे महाकाव्यों ने अन्य सभ्यताओं और संस्कृतियों को प्रेरित किया है।’
लिस्ट में भारतीय सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना का भी नाम
बता दें कि इस लिस्ट में भारतीय सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना का भी नाम शामिल है जिन्होंने फैशन, साहित्य और पाक कला के क्षेत्र में राल्फ लॉरेन और विक्टोरिया बेकहम जैसे नामों के साथ अपनी जगह बनाई है।