अलवर/ भिवाड़ी। भिवाड़ी के जिला अस्पताल में एंबुलेंस से एक साथ 7 शव पहुंचने से हड़कंप मच गया। अचानक इतने शव अस्पताल पहुंचने से वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि ये शव भिवाड़ी के एक निजी अस्पताल से जिला अस्पताल लाए गए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, भिवाड़ी से सटे हरियाणा क्षेत्र में श्रमिक एक हादसे का शिकार हो गए। बताया जा रहा है कि कापड़ीवास मोड़ के पास मिट्टी ढहने से यह बड़ा हादसा हुआ। इस घटना में कई मजदूर मलबे में दब गए। फिलहाल 7 शव जिला अस्पताल लाए गए हैं, जबकि आशंका जताई जा रही है कि इस हादसे में और भी श्रमिकों की मौत हो सकती है। सभी मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही भिवाड़ी पुलिस भी सक्रिय हो गई है और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।