
डेस्क। आज एक मार्च 2026 से एलपीजी गैस सिलिंडर महंगा हो गया है. रेलवे टिकट बुकिंग का नियम भी बदल गया है। इसके साथ ही देश में और भी कई बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आपकी जेब पर पड़ने वाला है। एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में करीब 28 से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। नीचे आप इस बारे में विस्तार से पढ़ेंगे. इसके साथ ही बैंकिंग से जुड़े कुछ नियमों में भी बदलाव लागू हो रहे हैं, जिनपर ध्यान देना जरूरी है. सीएनजी और पीएनजी की दरों में भी क्या कोई बदलाव लागू हुआ है? आइए जानते हैं उन बदलावों के बारे में, जिनका असर आम आदमी पर पड़ने वाला है।
सुबह-सुबह बढ़ गए LPG गैस सिलिंडर के दाम
देश की राजधानी समेत बड़े शहरों में किचन का बजट फिर बढ़ गया है। 1 मार्च 2026 से कमर्शियल यानी 19 किलो वाले LPG गैस सिलिंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी गई है, जिसका सीधा असर होटलों, रेस्टोरेंट्स और ढाबों के खर्च पर पड़ेगा। दिल्ली में 19 किलो का LPG सिलिंडर अब 28 रुपये महंगा होकर 1,740.50 रुपये से बढ़कर 1,768.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसकी कीमत 1,844.50 रुपये से बढ़कर 1,875.50 रुपये, यानी 31 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। मुंबई में कमर्शियल सिलिंडर अब 1,692 रुपये की जगह 1,720.50 रुपये में मिलेगा, यहां करीब 28.50 रुपये का इजाफा हुआ है. चेन्नई में सबसे ज्यादा असर दिखा है, जहां फरवरी में 1,899.50 रुपये वाला 19 किलो सिलिंडर अब मार्च से 1,929 रुपये का हो गया है, यानी 29.50 रुपये अधिक।
रेलवे टिकट बुकिंग में बड़ा बदलाव
1 मार्च से रेलवे टिकट बुकिंग में भी बड़ा बदलाव लागू हो रहा है. रेलवे अपनी डिजिटल सर्विस को और भी हाईटेक बना रहा है। अब रेलवन ऐप से ही जनरल टिकट भी बुक होंगे। खबरों के मुताबिक, पुराने UTS ऐप की जगह अब नया RailOne ऐप जगह ले लेगा। इसके साथ ही जनरल और प्लेटफॉर्म टिकट बुक करने के लिए आधार बेस्ड ऑथेंटिकेशन को जरूरी किया जा सकता है, जिससे टिकट बुकिंग में क्लियरिटी आएगी। इसके अलावा सीनियर सीटीजन के लिए लोअर बर्थ प्रायोरिटी को लेकर भी नई गाइडलाइंस आ सकती हैं।
UPI पेमेंट से जुड़े नियम
आज 1 मार्च से UPI पेमेंट से जुड़े नियमों में भी बदलाव लागू होने वाला है. खबरों के मुताबिक, डिजिटल पेमेंट सिस्टम में सुरक्षा को और मजबूत किया जा रहा है। बदलावों के अनुसार, बड़ी रकम का ऑनलाइन ट्रांसफर अब सिर्फ UPI पिन से नहीं होगा, बल्कि हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए बायोमेट्रिक्स या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन भी अनिवार्य होगा।
सीएनजी और पीएनजी के दाम
रसोई गैस के साथ सीएनजी और पीएनजी के रेट्स को भी हर महीने रिव्यू किया जाता है. मार्च के लिए भी इनके रेट्स जारी कर दिए गए हैं। हालांकि इनमें कोई बदलाव नहीं किया गया है। सीएनजी की कीमत 77.09 रुपये/किलो और पीएनजी का भाव 47.89 रुपये/SCM पर चल रहा है, यानी नेचुरल गैस की कीमतों में बदलाव नहीं होने से आपकी कार के फ्यूल का बजट और घर के बजट पर इस महीने असर नहीं पड़ेगा।
बैंकिंग और मिनिमम बैलेंस से जुड़े नियम
कई बड़े बैंकों ने 1 मार्च से अपने सर्विस चार्ज और सेविंग्स अकाउंट पर लागू मिनिमम बैलेंस से जुड़ी शर्तों में बदलाव करने की बात कही थी। क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट्स, लेट पेमेंट चार्ज और दूसरे फी‑स्ट्रक्चर में भी नई टर्म्स लागू हो सकती हैं। ऐसे में ग्राहकों के लिए ज़रूरी है कि वे बैंक की ओर से भेजे गए ईमेल और एसएमएस को ध्यान से पढ़ें, ताकि किसी अनजान नियम के कारण पेनल्टी या अतिरिक्त शुल्क भरने की नौबत न आए।
स्मार्टफोन और सिम कार्ड के नियम
डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए टेलिकॉम रेगुलेटर (TRAI) ने 1 मार्च से सिम बाइंडिंग के नियमों को सख्त कर दिया है।1 मार्च से देश में नया सिम बाइंडिंग नियम लागू हो रहा है, जिसका सीधा असर WhatsApp और Telegram जैसे मैसेजिंग ऐप यूजर्स पर पड़ेगा. सरकार ने साफ कर दिया है कि WhatsApp, Telegram और Signal पर यह नियम तय तारीख से ही लागू होगा, अब इसे टालने का कोई विकल्प नहीं है।
नए नियम के तहत जिस मोबाइल नंबर से आपका अकाउंट रजिस्टर है, वही सिम आपके फोन में एक्टिव होनी चाहिए। अगर आप फोन में दूसरी सिम लगाकर किसी और नंबर का WhatsApp या बाकी मैसेजिंग ऐप चलाते हैं, तो आपका अकाउंट काम करना बंद कर सकता है। सबसे ज्यादा दिक्कत उन यूजर्स को हो सकती है जो डुअल सिम फोन में एक नंबर कॉल/डेटा के लिए और दूसरे नंबर से WhatsApp चलाते हैं।