डेस्क। एक्टर से सीएम बने थलपति विजय की तमिलनाडु चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद से उनकी और एक्ट्रेस त्रिशा कृष्णन की डेटिंग की अफवाहें और तेज हो गई हैं। इन अफवाहों पर अब बॉलीवुड की सबसे बेबाक आवाज राखी सावंत ने भी अपनी राय दे डाली और वो राय सुनकर सोशल मीडिया पर हंसी और चर्चा दोनों शुरू हो गई।
विजय और तृशा को शादी कर लेनी चाहिए
राखी सावंत ने फिल्मीमंत्रा मीडिया से बातचीत में बिना किसी लाग-लपेट के कहा कि विजय और तृशा को शादी कर लेनी चाहिए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में जोड़ा कि वो मेहंदी की रस्म में जरूर आएंगी। साथ ही, राखी ने बताया कि तृशा और उनका रिश्ता पुराना है। दोनों ने बॉलीवुड में एक साथ अपना स्ट्रगल शुरू किया था। इसके बाद तृशा साउथ चली गईं और वहां अपना नाम बनाया। राखी ने कहा कि दोनों की जोड़ी बहुत अच्छी है।
इतना ही नहीं, राखी ने विजय की जीत को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि वो तमिलनाडु में इतनी सीटें जीतने वाले पहले ऐसे नेता हैं। उन्होंने ये भी कहा कि विजय के साथ एक गाना करना उनका पुराना सपना था लेकिन मौका नहीं मिला। अब वो मजाक में बोलीं कि उनकी पार्टी TVK में ही शामिल हो जाना चाहिए।
4 मई को चुनाव के नतीजे आए थे और तृशा का 43वां जन्मदिन भी
4 मई को चुनाव के नतीजे आए और वही दिन तृशा का 43वां जन्मदिन भी था। जब विजय आगे चल रहे थे तब तृशा उनके घर भी पहुंची थीं जिसने अफवाहों को और हवा दी। हालांकि न विजय और न ही तृशा ने इन अटकलों पर अभी तक कोई बयान दिया है। बता दें, विजय के फैंस अब उनकी आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। तो वहीं तृशा 15 मई 2026 को ‘करुप्पु’ में नजर आएंगी। साथ ही, राखी सावंत की ये बेबाकी नई नहीं है, लेकिन इस बार उन्होंने जो कहा वो विजय-तृशा के लाखों फैंस के दिल की बात है। तो वहीं आपको बता दें कि थलापति विजय की ये जीत उनके फैंस के लिए किसी त्योहार से कम नहीं और ये वायरल वीडियो उस अटूट प्रेम की एक जीती-जागती मिसाल है।
राखी का पॉलिटिकल कनेक्शन
विजय की राजनीतिक सफलता पर बात करते हुए राखी ने उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि विजय पहले ऐसे ईसाई नेता हैं, जिन्होंने तमिलनाडु चुनाव में इतनी बड़ी जीत हासिल की है। राखी ने अपनी दबी हुई हसरत जाहिर करते हुए कहा कि उनका सपना विजय के साथ एक गाना करने का था, जो पूरा नहीं हो सका। लेकिन अब वह विजय की राजनीतिक पार्टी का हिस्सा बनने पर विचार कर रही हैं।
क्यों सुर्खियों में है विजय-तृषा का रिश्ता ?
विजय और तृषा की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री हमेशा से सुपरहिट रही है. ‘घिल्ली’ से लेकर ‘लियो’ तक, दोनों ने पांच फिल्मों में साथ काम किया है. इनके अफेयर की चर्चाएं साल 2008 में फिल्म ‘कुरुवी’ के समय शुरू हुई थीं. खबरों की मानें तो विजय के परिवार के दबाव के चलते दोनों ने लंबे समय तक साथ काम नहीं किया, लेकिन 2023 में ‘लियो’ के साथ इनकी जोड़ी ने फिर से पर्दे पर वापसी की।
तलाक की अर्जी और संगीता के आरोप
इस अफेयर की खबरों को तब और हवा मिली जब विजय की पत्नी संगीता सोरनलिंगम ने कोर्ट में तलाक की अर्जी दी। संगीता ने विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दावा किया कि उन्हें 2021 में विजय के किसी एक्ट्रेस के साथ रिश्ते के बारे में पता चला था। हालांकि संगीता ने किसी का नाम नहीं लिया। हाल ही में चुनाव परिणामों के दिन तृषा का मंदिर जाना और विजय को बधाई देने उनके घर पहुंचना, इस आग को और हवा दे रहा है।