कोलकाता। पश्चिम बंगालमें पहले चरण में बंपर 92 फीसदी वोटिंग हुई। रेकॉर्ड वोटिंग टर्नआउट के बाद प्रधानमंत्री व BJP के स्टार प्रचारक नरेंद्र मोदी ने दावा किया कि यह परिवर्तन की लहर है। भाजपा के कद्दावर नेताओं ने दूसरे चरण के लिए भी अपनी ताकत झोंक दी है। इस बार बीजेपी का लक्ष्य पश्चिम बंगाल के दक्षिण इलाके में तृणमूल कांग्रेस के गढ़ को भेदकर सत्ता हासिल करना है। इस चरण में कई हाईप्रोफाइल सीटें हैं। भवानीपुर में भी 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। यहां पश्चिम बंगाल की नेता सदन यानी सीएम ममता बनर्जी और नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी के बीच कांटे की टक्कर है।
दूसरे चरण में 142 सीटों पर वोटिंग
पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हुई। 92.9 फीसदी वोटिंग हुई। अब दूसरे चरण में 142 सीटों पर मतदान होना है। जिन इलाकों में दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे, वह सीएम ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस के गढ़ वाले क्षेत्र हैं। दूसरे चरण में जिन सीटों पर मतदान होगा, उनमें आठ चुनावी जिले शामिल हैं। कोलकाता नॉर्थ और साउथ की 11 सीटें, हावड़ा की 16 सीटें, नदिया की 17 सीटें, उत्तर 24 परगना की 33 सीटें, दक्षिण 24 परगना की 31 सीटें, हुगली की 18 सीटें और पूर्वी बर्धमान की 16 सीटों पर वोटिंग होगी। साल 2021 के विधानसभा चुनाव के नतीजों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस को इन 142 में से 123 सीटों पर जीत हासिल हुई थी, जबकि बीजेपी के खाते में सिर्फ 18 सीटें आई थी।
भवानीपुर में सुवेंदु बनाम ममता के बीच काटें की टक्कर
दक्षिण कोलकाता की भबानीपुर सीट इस बार के चुनाव में सबसे हॉट सीट है। यहां सीएम ममता को नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी चुनौती दे रहे हैं। सुवेंदु अधिकारी नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहां उन्होंने 2021 में ममता बनर्जी को लगभग 1,900 वोटों से हराया था। चुनाव आयोग की विशेष गहन समीक्षा (SIR) के बाद भबानीपुर में करीब 51,000 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जो कुल मतदाताओं का 21% है। 2021 के उपचुनाव में ममता की जीत का मार्जिन लगभग 58,800 वोट था, ऐसे में यह नाम कटौती उनके लिए चुनौती बन सकती है। ममता बनर्जी अब भबानीपुर पर खास फोकस कर रही हैं। वे यहां टीएमसी कार्यकर्ताओं से बैठकें कर रही हैं और पहली बार ग्रासरूट स्तर पर प्रचार करने वाली हैं। कोस्मोपॉलिटन इलाके में गैर-बंगाली मतदाताओं को साधने के लिए वे जैन मंदिर और सिख गुरुद्वारों का दौरा करेंगी। साथ ही हाईराइज सोसाइटियों में पदयात्रा और बंद कमरों में बैठकें कर रही हैं।अमित शाह भी भबानीपुर समेत प्रमुख सीटों पर BJP की रणनीति देख रहे हैं। नंदीग्राम में पहले चरण का मतदान हो चुका है, अब सुवेंदु अधिकारी पूरा फोकस भबानीपुर पर केंद्रित कर रहे हैं।
TMC के कई नेताओं की किस्मत दांव पर
बंगाल चुनाव के दूसरे चरण में टीएमसी के कई दिग्गजों की किस्मत दांव पर है। कोलकाता के मेयर फिरहाद हाकिम (कोलकाता पोर्ट), वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य (दम दम उत्तर), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री शशि पांजा (श्यामपुकुर), विद्युत मंत्री अरूप बिस्वास (टॉलीगंज), शिक्षा मंत्री ब्रात्य बसु (दम दम), और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं राज्य मंत्री सुजीत बसु (बिधाननगर) चुनावी मैदान में हैं।