Home » पश्चिम बंगाल » सिलीगुड़ी » ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों ने किया वृक्षारोपण, हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस पर बच्चों ने किया वृक्षारोपण, हरियाली बढ़ाने का दिया संदेश

सिलीगुड़ी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिलीगुड़ी के श्री गुरु विद्यामंदिर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली. . .

सिलीगुड़ी। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सिलीगुड़ी के श्री गुरु विद्यामंदिर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के उप-मंडल अधिकारी (एसडीओ) विकास रुहेला, उत्तर बंगाल के मुख्य वन संरक्षक भास्कर जे. वी., दार्जिलिंग जिले के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक एवं वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों के साथ उनके परिवार के सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुए। एसडीओ विकास रुहेला के परिवार की उपस्थिति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

कुल 50 पौधे लाए गए

इस अवसर पर कुल 50 पौधे लाए गए, जिनमें से 20 पौधे विद्यालय की पांचवीं कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए। शेष 30 पौधे विद्यालय प्रबंधन को सौंपे गए ताकि उन्हें स्कूल परिसर के विभिन्न हिस्सों में रोपा जा सके।
वृक्षारोपण के साथ-साथ विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सिलीगुड़ी नगर निगम के विपक्ष के नेता अमित जैन, पार्षद विवेक सिंह तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे। वन विभाग और विद्यालय प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

एक करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य

मीडिया से बातचीत करते हुए उत्तर बंगाल के मुख्य वन संरक्षक भास्कर जे. वी. ने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे राज्य में लगभग एक करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी बेहद जरूरी

वहीं विपक्ष के नेता अमित जैन ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यालय परिसर के आसपास आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था और दीवार निर्माण की पहल करने की बात कही, जिससे लगाए गए पौधे सुरक्षित रूप से विकसित हो सकें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण बचाने की इस मुहिम में आम जनता, छात्र-छात्राओं और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से ही एक हरित और स्वस्थ भविष्य का निर्माण संभव है।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम