रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और झारखंड की शान महेंद्र सिंह धोनी को झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड ने एक रिहायशी प्लॉट के कथित व्यावसायिक इस्तेमाल को लेकर नोटिस भेजा है। बोर्ड ने 15 दिनों के भीतर जवाब मांगा है।
“15 दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो…”
झारखंड स्टेट हाउसिंग बोर्ड ने महेंद्र सिंह धोनी को रांची के हरमू इलाके में स्थित H-10A प्लॉट के उपयोग को लेकर नोटिस जारी किया है। बोर्ड के अनुसार यह प्लॉट केवल रिहायशी उद्देश्य से आवंटित किया गया था। आरोप है कि इस प्लॉट पर एक पैथोलॉजी लैब चलाई जा रही है, जो आवंटन की शर्तों का उल्लंघन है। इसी मामले में बोर्ड ने धोनी से स्पष्टीकरण मांगा है। नोटिस में साफ कहा गया है कि अगर 15 दिनों के भीतर संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो प्लॉट का आवंटन रद्द करने की सिफारिश की जा सकती है।
अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में ऐसे कई मामलों की जांच की जा रही है, जहां रिहायशी भूखंडों का इस्तेमाल व्यावसायिक कामों के लिए किया जा रहा है। नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य का गौरव बताया था
गौरतलब है कि हाल ही में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक कार्यक्रम में धोनी की सराहना करते हुए उन्हें राज्य का गौरव बताया था। बताया जा रहा है कि धोनी फिलहाल हरमू स्थित इस मकान में नहीं रहते। वह रांची के रिंग रोड स्थित अपने फार्म हाउस में निवास कर रहे हैं। अब हाउसिंग बोर्ड को उनके जवाब का इंतजार है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।