नई दिल्ली। आईपीएल युवाओं को दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है। इसके 19 सीजन के इतिहास में कई ऐसे खिलाड़ी उभरकर सामने आए, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहरी छाप छोड़ी। हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, शॉन मार्श, जसप्रीत बुमराह, जैसे कई उदाहरण मौजूद हैं। हालांकि, आईपीएल 2026 ने भारतीय क्रिकेट को एक नया हीरा दिया है। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन अपनी धांसू बल्लेबाजी से ऐसे कीर्तिमान बनाए हैं, जो शायद ही कोई कभी भूल पाएगा।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज को आने वाले समय का सुपरस्टार माना जा रहा है। वैभव ने बड़े से बड़े गेंदबाज को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। 2025 में अपनी अपार प्रतिभा की झलक दिखाने के बाद सूर्यवंशी ने 2026 में अपने खेल को ऐसे स्तर पर पहुंचा दिया, जैसा न केवल आईपीएल में बल्कि किसी किशोर खिलाड़ी से पहले कभी देखने को नहीं मिला था। महज 15 साल की उम्र में वह सिर्फ रिकॉर्ड नहीं तोड़ रहे हैं, बल्कि इस प्रारूप के लंबे समय से स्थापित मानकों को नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं।
ज्यादा रन, ज्यादा असर
इस सीजन वैभव ने 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और फिलहाल ऑरेंज कैप लीडरबोर्ड में सबसे ऊपर चल रहे हैं। पिछली चार पारियों में से तीन में तो वह नर्वस-90 का शिकार हुए। वैभव ने सिर्फ 327 गेंदों का सामना करते हुए 135 बार गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाया। इनमें 72 छक्के भी शामिल हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने छह बार 50 या उससे अधिक का स्कोर बनाया और इनमें एक 36 गेंदों का शतक भी शामिल है। इन छह बड़ी पारियों में से चार बार उन्होंने 16 गेंद या उससे कम में अपना अर्धशतक पूरा किया। संख्याओं में देखें तो आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन कुछ ऐसा था। आईपीएल के पिछले 18 सीजन में केवल चार मौकों पर किसी बल्लेबाज ने एक सीजन में उनसे ज्यादा रन बनाए हैं।
टी20 क्रिकेट में 200 से अधिक स्ट्राइक रेट के साथ 500 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की संख्या बेहद कम है। वैभव सहित केवल चार बल्लेबाज ही ऐसा कर पाए हैं, लेकिन इन चारों में भी 15 वर्षीय सूर्यवंशी का प्रदर्शन सबसे अलग है। उनके 776 रन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर मौजूद बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के मुकाबले 38 प्रतिशत ज्यादा है। अभिषेक ने भी आईपीएल 2026 में 204.72 के स्ट्राइक रेट से 563 रन बनाए थे। इस लिस्ट में बाकी दो नाम आंद्रे रसेल (आईपीएल 2019 में 510 रन, स्ट्राइक रेट 204.81) और एलेक्स हेल्स (2017 टी20 ब्लास्ट में 507 रन, स्ट्राइक रेट 204.43) हैं।
अभिषेक इस मामले में रहे आगे
वैभव के स्ट्राइक रेट के सबसे करीब पहुंचने वाले बल्लेबाज जेक फ्रेजर-मैकगर्क रहे, जिन्होंने आईपीएल 2024 में 234.04 के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए थे। लेकिन रनों के मामले में वह भी काफी पीछे रह गए। टी20 टूर्नामेंटों के इतिहास में अब तक 20 बार ऐसा हुआ है जब किसी बल्लेबाज ने 200 से अधिक स्ट्राइक रेट के साथ 300 या उससे ज्यादा रन बनाए हों। इनमें केवल एक बल्लेबाज ने वैभव से ज्यादा स्ट्राइक रेट दर्ज किया है। वह बल्लेबाज हैं अभिषेक शर्मा, जिन्होंने 2026 सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 247.15 के स्ट्राइक रेट से 304 रन बनाए थे। हालांकि, किसी भी बल्लेबाज ने किसी प्रतियोगिता में कम से कम 10 पारियां खेलते हुए 230 से अधिक का स्ट्राइक रेट बनाए नहीं रखा। यही बात वैभव के सीजन को और भी असाधारण बनाती है।
अपनी ही टीम से बहुत आगे
इस सीजन को और भी खास बनाने वाली बात सिर्फ उनके रिकॉर्ड नहीं थे, बल्कि यह था कि वह पूरे टूर्नामेंट में, यहां तक कि अपनी टीम के खिलाड़ियों से भी कितने आगे थे। वैभव का स्ट्राइक रेट 237.30 रहा, जबकि राजस्थान रॉयल्स के बाकी बल्लेबाजों का संयुक्त स्ट्राइक रेट 150.28 था। यानी वैभव और उनकी टीम के बाकी बल्लेबाजों के बीच स्ट्राइक रेट का अंतर 87.02 का था। यह अंतर आईपीएल इतिहास में उन सभी बल्लेबाजों में सबसे बड़ा है जिन्होंने किसी एक सीजन में 300 से ज्यादा रन बनाए हैं।
दूसरे सीजन में भी दिया करारा जवाब
2025 में अपने पहले आईपीएल सीजन में सूर्यवंशी ने कई बार अपनी प्रतिभा की झलक दिखाई थी। लेकिन बड़ा सवाल यह था कि क्या वह दूसरे सीजन में भी उसी स्तर का प्रदर्शन कर पाएंगे, जब विरोधी टीमों को उनके खेल की बेहतर समझ हो जाएगी और उनसे उम्मीदें भी बढ़ जाएंगी। वैभव ने इस सवाल का जवाब बेहद जोरदार अंदाज में दिया। सीजन की शुरुआत में राजस्थान रॉयल्स ने लगातार चार मैच जीते और इस सफलता में वैभव की भूमिका बेहद अहम रही। इसके साथ ही वह आईपीएल इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए जिन्होंने अपने शुरुआती दोनों आईपीएल सीजन में शतक लगाया। 2025 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 35 गेंदों में शतक जड़ा था, जबकि 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 36 गेंदों में शतक लगाकर उन्होंने इस उपलब्धि को दोहराया।
वैभव सूर्यवंशी ने 2026 सीजन में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह आईपीएल इतिहास के पहले अनकैप्ड (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) बल्लेबाज बन गए, जिसने दो आईपीएल शतक लगाए। उन्होंने अपने सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल के नाम दर्ज तीन साल पुराने रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया। जायसवाल ने 2023 में एक सीजन में 625 रन बनाकर अनकैप्ड बल्लेबाज के सर्वाधिक रनों का रिकॉर्ड बनाया था, जबकि वैभव ने 2026 में 776 रन बनाकर इस रिकॉर्ड को 151 रनों के बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया।