वाशिम (महाराष्ट्र): समृद्धि एक्सप्रेसवे पर एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वाकया सामने आया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. एक सनकी पति ने चलती कार में अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी. सबसे ज्यादा दिल को झकझोर देने वाली बात यह है कि इस पूरी खौफनाक वारदात के दौरान कार में मौजूद तीन मासूम बच्चे अपनी मां की मौत का लाइव मंजर बेबसी से देखते रहे और डर के मारे सहमे रहे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी शव को लेकर घंटों सड़कों पर घूमता रहा और बाद में खुद ही पुलिस स्टेशन जाकर आत्मसमर्पण कर दिया.
चरित्र पर शक के चलते लोहे की रॉड से हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) का रहने वाला है. वह महाराष्ट्र में अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन बच्चों के साथ रह रहा था. शुरुआती जांच में पता चला है कि पूरा परिवार कार से कहीं जा रहा था, तभी समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सलमान और हसीन बानो के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि सलमान ने अपना आपा खो दिया. उसने पहले कार में रखी लोहे की रॉड से हसीन पर ताबड़तोड़ हमला किया और फिर बच्चों के सामने ही उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
थाने पहुंचकर बोला- ‘मैंने पत्नी को मार डाला’
इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के चेहरे पर शिकन तक नहीं थी. हत्या के बाद उसने कार नहीं रोकी, बल्कि पत्नी के शव को कार की सीट पर ही छोड़कर वाशिम के कारंजा शहर की सड़कों पर घंटों घूमता रहा. कार में बैठे तीनों बच्चे सदमे में थे और बुरी तरह कांप रहे थे. आखिरकार, घंटों भटकने के बाद आरोपी खुद गाड़ी चलाकर कारंजा पुलिस स्टेशन पहुंचा. उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने जाकर जो कबूलनामा किया, उसे सुनकर सबके होश उड़ गए. सलमान ने सीधे शब्दों में कहा कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसकी लाश बाहर खड़ी कार में है.
सदमे में हैं चश्मदीद बच्चे, काउंसलर की ली जा रही मदद
वाशिम के पुलिस अधीक्षक (SP) निकेश खाटमोडे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के कबूलनामे के बाद जब पुलिस कर्मियों ने तुरंत बाहर जाकर कार की तलाशी ली, तो उसमें महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मुख्य आरोपी सलमान को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि सलमान को अपनी पत्नी के चरित्र पर गहरा शक था, जिसके कारण घर में लगातार झगड़े होते थे. इसी जानलेवा शक के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. एसपी ने बताया कि हत्या समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ठीक किस जगह की गई, इसकी सटीक लोकेशन अभी साफ नहीं हो पाई है. घटना के एकमात्र चश्मदीद रहे तीनों बच्चों की नाजुक मानसिक स्थिति को देखते हुए, काउंसलर की मदद से उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.