हैदराबाद। गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के कप्तान रजत पाटीदार ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मुकाबले में बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। पाटीदार आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। पाटीदार ने हैदराबाद के खिलाफ कप्तानी पारी खेली और कीर्तिमान अपने नाम किया। हालांकि, पाटीदार की ये पारी भी टीम को जीत नहीं दिला सकी। पाटीदार ने हैदराबाद के खिलाफ 39 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से 56 रन बनाए।
रसेल के नाम है रिकॉर्ड
आईपीएल में सबसे कम गेंदों पर 100 छक्के पूरे करने का रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम है। रसेल ने 657 गेंदों पर ऐसा किया था। वहीं, दूसरे नंबर पर निकोलस पूरन हैं जिन्होंने 100 छक्के पूरे करने के लिए 884 गेंदें ली। तीसरे नंबर पर पाटीदार का नाम आता है जिन्होंने यह उपलब्धि 933 गेंदों पर ही पूरी कर ली। इस सूची में पाटीदार से नीचे क्रिस गेल, सुनील नरेन और शिवम दुबे हैं जिन्होंने क्रमश: 943, 950 और 992 गेंदों पर आईपीएल में 100 छक्के पूरे किए हैं।
विज्ञापन
आरसीबी ने शीर्ष पर रहकर किया लीग चरण का अंत
आरसीबी का प्रदर्शन मौजूदा सीजन में भी दमदार रहा है। खिताब बचाने के इरादे से उतरे आरसीबी ने ग्रुप चरण चरण में अपना दबदबा बरकरार रखा और वह शीर्ष पर बनी रही। आरसीबी का सामना अब क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस से होगा। दिलचस्प बात यह है कि पिछले 15 टीमों में से 12 टीम ऐसी है जिसने क्वालिफायर-1 जीता है और वही आईपीएल का खिताब जीतने में भी सफल रही है। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या इस बार भी ऐसा कुछ देखने को मिलेगा। लीग चरण खत्म होने में अब दो दिन बचे हैं, लेकिन अभी तक प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम तय नहीं हुई है।
चौथे स्थान के लिए दौड़ जारी
चौथे स्थान के लिए राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला है। आज पंजाब किंग्स का सामना लखनऊ सुपर जाएंट्स से है। अगर पंजाब इस मैच में जीत नहीं दर्ज कर सकी तो उसका सफर ग्रुप चरण में ही थम जाएगा। वहीं, पंजाब ने लखनऊ को हराया तो उसे केकेआर बनाम दिल्ली और राजस्थान के मैच के नतीजे का इंतजार करना पड़ा। हालांकि, अगर राजस्थान अपना अंतिम मैच जीतने में सफल रही तो पंजाब, केकेआर और दिल्ली बाहर हो जाएंगी और राजस्थान प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम होगी।