दुबई। विमेंस एशिया कप-2026 के महामुकाबले में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को पूरी तरह चारों खाने चित कर दिया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के 9वें मुकाबले में भारतीय स्पिनर्स के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाजी क्रम ताश के पत्तों की तरह बिखर गया। पाकिस्तान की पूरी टीम महज 55 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में भारत ने सिर्फ 8.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 56 रन बनाते हुए मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
स्पिनर्स के जाल में फंसी पाकिस्तानी टीम
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने उसके इस फैसले को गलत साबित कर दिया। शुरुआती कुछ ओवरों में मुनीबा अली और शवाल जुल्फिकार ने संभलकर बल्लेबाजी की और पहले विकेट के लिए 27 रन जोड़े।मुनीबा अली 13 रन और शवाल जुल्फिकार 14 रन बनाकर आउट हुईं। इसके बाद पाकिस्तान के विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया और कोई भी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी।
27 रन से 55 रन तक… फिर बिखर गया पूरा बल्लेबाजी क्रम
पाकिस्तान का स्कोर एक समय 27 रन पर एक विकेट था, लेकिन इसके बाद टीम ने लगातार विकेट गंवाए। गुल फिरोजा बिना खाता खोले पवेलियन लौट गईं। आयशा जफर सिर्फ 2 रन बना सकीं, जबकि सदाफ शमास 3 रन पर बोल्ड हो गईं।कप्तान फातिमा सना भी अपना खाता नहीं खोल सकीं। मध्यक्रम में एमान फातिमा ने 5, उम्म-ए-हानी ने 6 और तूबा हसन ने 9 रन बनाए। पाकिस्तान की हालत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसकी 9 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकीं। आखिरकार पूरी टीम 55 रन पर सिमट गई।
श्री चरणी और प्रेमा रावत ने मचाया कहर
भारत की जीत की सबसे बड़ी कहानी उसकी स्पिन गेंदबाजी रही। भारतीय स्पिनर्स ने पाकिस्तान के बल्लेबाजों को रन बनाने का कोई मौका नहीं दिया। श्री चरणी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं प्रेमा रावत ने भी 3 विकेट हासिल किए और 9 रन दिए। दीप्ति शर्मा ने महज 3.1 ओवर में 5 रन खर्च कर 2 विकेट अपने नाम किए। शेफाली वर्मा को भी एक सफलता मिली।
भारतीय स्पिनर्स ने मिलकर पाकिस्तान की पारी को महज 55 रन पर समेट दिया।
पाकिस्तान के नाम दर्ज हुआ शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ इस मुकाबले में 55 रन पर ऑलआउट होना पाकिस्तान के लिए दोहरी निराशा लेकर आया। यह उसका टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अब तक का सबसे कम स्कोर बन गया।इससे पहले पाकिस्तान का न्यूनतम टी20 इंटरनेशनल स्कोर 56 रन था, जो उसने 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था। भारत के खिलाफ 55 रन पर सिमटते ही पाकिस्तान ने अपना ही शर्मनाक रिकॉर्ड तोड़ दिया।
भारत ने बिना किसी परेशानी के हासिल किया लक्ष्य
56 रन के बेहद छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि भारत ने लक्ष्य तक पहुंचने के दौरान 3 विकेट गंवाए, लेकिन पाकिस्तान के गेंदबाज कभी भी मुकाबले को रोमांचक स्थिति में नहीं ले जा सके। भारतीय टीम ने महज 8.4 ओवर में 56 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर 18 रन और दीप्ति शर्मा 12 रन बनाकर नाबाद रहीं।
एकतरफा मुकाबले में भारत का दबदबा
इस मुकाबले में भारतीय टीम ने बल्लेबाजी से ज्यादा अपनी गेंदबाजी के दम पर दबदबा बनाया। पाकिस्तान की पूरी टीम जहां 55 रन पर ढेर हो गई, वहीं भारत ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया। भारतीय स्पिनर्स की सटीक लाइन-लेंथ और लगातार विकेट लेने की क्षमता पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर भारी पड़ी। इस शानदार जीत के साथ भारत ने न सिर्फ मुकाबला अपने नाम किया, बल्कि पाकिस्तान की बल्लेबाजी पर भी गहरी चोट की।