सिलीगुड़ी । सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट मोड़ के पास एशियन हाईवे-2 पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान श्रेया देवी के रूप में हुई है, जो बागडोगरा मस्जिद पाड़ा इलाके की निवासी बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला सड़क के बीच बने डिवाइडर के पास फूल तोड़ने गई थीं। उसी दौरान बागडोगरा पानीघाटा मोड़ की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बागडोगरा थाना पुलिस और ट्रैफिक गार्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नार्थ बंगाल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल भेज दिया है।
वहीं, ट्रक चालक ने खुद पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बागडोगरा पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।