कोलकाता। सोना पप्पू से जुड़े कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ( ईडी ) ने एक बार फिर कोलकाता में बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया है। रविवार सुबह से शहर के अलग-अलग इलाकों में ईडी की टीम सक्रिय है और कई अहम दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
कारोबारी कल्याण शुक्ला और संजय कनोड़िया के घर पर छापेमारी
जानकारी के मुताबिक, आनंदपुर स्थित अर्बन टावर थ्री में कारोबारी कल्याण शुक्ला के आवास पर ईडी अधिकारी सुबह से ही तलाशी अभियान चला रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अलीपुर इलाके में कारोबारी संजय कनोड़िया के घर पर भी एक साथ छापेमारी की जा रही है। दोनों स्थानों पर भारी सुरक्षा के बीच अधिकारियों की टीम दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों की गहन जांच कर रही है।
व्हाट्सऐप अकाउंट से मिली अहम जानकारी
ईडी सूत्रों के अनुसार, इस कार्रवाई की कड़ी जय कामदार के व्हाट्सऐप अकाउंट से मिली अहम जानकारी से जुड़ी हुई है। जांच के दौरान उनके व्हाट्सऐप चैट्स की जांच की गई, जिसमें कई संदिग्ध बातचीत सामने आई हैं। इन चैट्स के आधार पर कथित वित्तीय लेनदेन और संभावित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसके बाद इन दो कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की गई।
बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी को कुछ ऐसे डिजिटल सबूत मिले हैं, जो इस पूरे मामले में बड़े वित्तीय लेनदेन और मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत देते हैं। ईडी की टीम मौके पर मौजूद रहकर बैंक रिकॉर्ड, प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे लैपटॉप और मोबाइल फोन की जांच कर रही है।
ईडी ने जांच की गोपनीयता बनाया
फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ईडी ने जांच की गोपनीयता बनाए रखते हुए इस पर ज्यादा जानकारी साझा करने से इनकार किया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों का विश्लेषण करने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद कारोबारी जगत में हलचल बढ़ गई है। माना जा रहा है कि सोना पप्पू केस में ईडी की यह छापेमारी जांच को और गहराई तक ले जा सकती है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।