नई दिल्ली। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के सीमावर्ती इलाके में हवाई हमले किए हैं, जिसमें 11 बच्चों सहित 13 लोगों की मौत हो गई है और 14 लोग बुरी तरह से घायल हैं। अफगानिस्तान ने दावा किया है कि पाकिस्तान ने उसती सीमा में घुसकर हमले किए हैं, जिसमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग की जान चली गई है। पाकिस्तान की तरफ से ये हमले अफगानिस्तान के कुनार, खोस्त और पक्तिका प्रांतों के रिहायशी इलाकों में किया गया है। अफगानिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है और इसे अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन बताया है।
अफगानिस्तान के प्रवक्ता ने क्या कहा?
अफगान प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद की ओर से जारी एक बयान के मुताबिक, पाकिस्तानी हमलावर सेना ने मंगलवार की देर रात एक बार फिर अफगानिस्तान की संप्रभुता का खुलेआम उल्लंघन किया और हवाई हमले में कई लोगों की जान चली गई। जबीउल्लाह ने आगे बताया कि पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने अफगानिस्तान के तीन प्रमुख प्रांतों- कुनार, खोस्त और पक्तिका में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया है और इन इलाकों में रहने वाले आम नागरिकों के घरों पर अंधाधुंध बमबारी की गई है, जिससे कई घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं।
हमले में बच्चे, महिला और बुजुर्गों की मौत
उन्होंने आगे कहा, “इन हमलों में 11 बच्चे, एक महिला और एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि महिलाओं और बच्चों समेत 14 अन्य लोग घायल हो गए। हम इस मानवीय अपराध और इस आक्रामकता की कड़ी निंदा करते हैं।”
पाकिस्तान ने इन हमलों की बात स्वीकार नहीं की। ये आरोप ऐसे समय में लगाए गए हैं जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। इसमें मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच फिर से शुरू हुई दुश्मनी और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में अशांति शामिल है, जहां विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गए हैं।
महीनों से चल रही दोनों देशों के बीच झड़प
दोनों देशों के बीच महीनों से सीमा पार झड़पें हो रही हैं। फरवरी के आखिर में पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में अफगानिस्तान के जवाबी हमलों के बाद से इन झड़पों में सैकड़ों लोग मारे जा चुके हैं।
बीच-बीच में कुछ समय के लिए युद्धविराम से लड़ाई रुकी है, लेकिन यह ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया। इस्लामाबाद का आरोप है कि काबुल चरमपंथियों, खासकर ‘तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान’ (TTP) को पनाह देता है। पाकिस्तान का कहना है कि यह संगठन उसके देश के अंदर हमले करता है।