मियामी (अमेरिका): अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित मियामी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। प्यूर्टो रिको के सैन जुआन से आया अमेजन प्राइम एयर का एक कार्गो विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया। रनवे से आगे निकलकर यह विमान एयरपोर्ट के उत्तर-पश्चिमी छोर पर खड़ी कई गाड़ियों से जा टकराया, जिसके तुरंत बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 3 की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
दोपहर दो बजे हुआ हादसा, गाड़ियों से टकराते ही भड़की आग
अधिकारियों के मुताबिक, 21 एयर द्वारा संचालित प्राइम एयर की फ्लाइट 7598 स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 1:53 से 2:00 बजे के बीच लैंड कर रही थी। यह बोइंग 767-300 विमान रनवे से अनियंत्रित होकर बाहर निकल गया और वहां मौजूद वाहनों को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्लेन और गाड़ियों में भीषण आग लग गई और चारों तरफ काला धुआं फैल गया। विमान से भारी मात्रा में ईंधन का रिसाव भी शुरू हो गया था।
मलबे में फंसे रहे पायलट और अन्य लोग, 60 यूनिट्स ने चलाया रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलते ही मियामी-डेड फायर रेस्क्यू की 60 से अधिक यूनिट्स और 200 से ज्यादा बचावकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे।
- विमान के पायलट और को-पायलट कॉकपिट में फंस गए थे, जिन्हें रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
- विमान की चपेट में आई गाड़ियों में भी कई लोग फंसे रह गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
एयरपोर्ट पर उड़ानें ठप, ‘फुल ग्राउंड स्टॉप’ लागू
हादसे की गंभीरता को देखते हुए अमेरिकी विमानन नियामकों ने एयरपोर्ट पर तुरंत ‘फुल ग्राउंड स्टॉप’ घोषित कर दिया। दोपहर के समय मियामी एयरपोर्ट के सभी रनवे और टैक्सीवे बंद कर दिए गए, जिससे विमानों का परिचालन पूरी तरह ठप हो गया। सैकड़ों उड़ानों में देरी हुई और कई उड़ानों को नजदीकी ऑरलैंडो एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा।
FAA और NTSB करेंगे मामले की जांच
अमेरिकी संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी है। NTSB की एक ‘गो टीम’ घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाने के लिए भेजी गई है। जांच टीम लैंडिंग के समय रनवे की स्थिति, मौसम और तकनीकी कारणों की पड़ताल करेगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विमान रनवे से आगे क्यों फिसला।