नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने BJP नेताओं के उन तमाम दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा गया है कि पार्टी के सोशल मीडिया फॉलोअर्स में से लगभग आधे पाकिस्तान से हैं। दरअसल, इंटरनेट-आधारित यह मूवमेंट हाल ही में काफी वायरल हुआ और युवाओं के बीच लोकप्रिय हुआ। हालांकि, अब यह राजनीतिक विवादों के केंद्र में आ गया है।
कॉकरोच जनता पार्टी पर BJP के आरोपों का खंडन करते हुए अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ का स्क्रीनशॉट शेयर किया और लिखा, ‘यह हमारी ऑडियंस डेमोग्राफिक्स की स्क्रीन रिकॉर्डिंग है, जिसे हमने अपना अकाउंट हैक होने से पहले मीडिया के साथ साझा किया था।’ उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए दावा किया, ’94 प्रतिशत से अधिक ऑडियंस भारत से है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भारतीय युवाओं को पाकिस्तानी क्यों बता रहे हैं?’
BJP नेताओं ने क्या आरोप लगाए?
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कॉकरोच जनता पार्टी को निशाने पर लेते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘मुझे उन लोगों पर तरस आता है, जो सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स पाकिस्तान और जॉर्ज सोरोस गैंग से ढूंढते हैं।’
भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी इसी तरह का आरोप लगाया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के 49 प्रतिशत फॉलोअर्स पाकिस्तान से हैं, जबकि सिर्फ 9 प्रतिशत भारत से हैं।’
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ज़्यादातर फॉलोअर्स पाकिस्तान और बांग्लादेश से होने के संबंध में केरल BJP अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘अगर यह क्रॉस-बॉर्डर इन्फ्लुएंस ऑपरेशन है, तो यह चिंता का विषय है। जैसे-जैसे भारत आगे बढ़ रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को विकसित भारत की ओर ले जा रहे हैं, वैसे-वैसे इस तरह के और भी प्रयास होंगे। ये लोग अमेरिका या किसी अन्य देश में छिपकर इस तरह के अभियान चलाएंगे, लेकिन हमें इन्हें हराना होगा।’
दुर्भाग्य से, यह ‘भेड़िया आया’ वाली स्थिति जैसी है
This is the screen recording of our audience demographic which we have shared with media before our account was hacked.
— Abhijeet Dipke (@abhijeet_dipke) May 23, 2026
More than 94% of the audience is from India.
Why is a Union Minister @KirenRijiju labelling Indian youth as Pakistani? https://t.co/av0WnxIOui pic.twitter.com/W4YY1LL1IJ
संस्थापक अभिजीत दीपके को कथित तौर पर मौत की धमकियां मिलने और सोशल मीडिया अकाउंट्स बैन किए जाने के दावों पर राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘अगर यह व्यक्ति फर्जी नैरेटिव फैलाने की कोशिश कर रहा था, तो यह भी संभव है कि वह एक बार फिर झूठ बोल रहा हो। स्वाभाविक रूप से, मैं ऐसे व्यक्ति के दावों को लेकर संदेह में हूं, जो नकली नैरेटिव बनाने की कोशिश कर रहा है। दुर्भाग्य से, यह ‘भेड़िया आया’ वाली स्थिति जैसी है।’
सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के ट्रेंड करने को लेकर भी राजीव चंद्रशेखर ने कहा, ‘मुझे इसमें एक क्लासिक इन्फ्लुएंस ऑपरेशन की लगभग सभी निशानियां दिखाई देती हैं, जिसे एक कृत्रिम नैरेटिव तैयार करने और उसके पीछे एक स्वाभाविक जन आंदोलन खड़ा करने के उद्देश्य से डिजाइन किया गया है। मेरे लिए यह पूरा प्रयास एक सुनियोजित प्रभाव अभियान जैसा लगता है, जिसका मकसद अस्थिरता पैदा करना है।’
क्यों उभरी कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी तेजी से देश की नई ऑनलाइन सनसनी बनकर उभरी है। इसने बेरोजगारी, शिक्षा नीति और कथित परीक्षा पेपर लीक जैसे मुद्दों पर मीम्स और टिप्पणियों के जरिए लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ट्रेंड उस समय चर्चा में आया, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत द्वारा एक वकील को ‘सीनियर’ का दर्जा देने की याचिका पर सुनवाई के दौरान कथित तौर पर की गई टिप्पणियों को लेकर विवाद खड़ा हो गया।