Home » देश » दिल्ली सत्य निकेतन इमारत हादसे में 6 लोगों की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का लिया जायजा, बोलीं- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

दिल्ली सत्य निकेतन इमारत हादसे में 6 लोगों की मौत, सीएम रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का लिया जायजा, बोलीं- दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर. . .

नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में पांच मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आशंका है कि कुछ और लोग अभी मलबे में फंसे हो सकते हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिणी परिसर के पास स्थित इस इमारत का इस्तेमाल छात्रों के लिए पीजी आवास के रूप में किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अचानक पूरी इमारत ढह गई। हादसे की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और अन्य राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।

मौके पर पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों से राहत और बचाव कार्य की जानकारी ली और मौके पर चल रहे अभियान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषी चाहे कोई अधिकारी हो या कोई अन्य व्यक्ति, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर दिल्ली के मुख्य सचिव राजीव वर्मा, एमसीडी कमिश्नर संजीव खिरवार और राजस्व विभाग के सचिव नीरज सेमवाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

जिम्मेदार अधिकारियों पर भी होगी कार्रवाई

दिल्ली के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आशंका है कि अभी भी कोई मजदूर मलबे में फंसा हो सकता है, क्योंकि कुछ लोगों की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। सिरसा ने कहा कि कमांड श्रृंखला में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। उन्होंने संकेत दिया कि उच्च स्तर पर तैनात अधिकारियों को भी जवाबदेह बनाया जाएगा। उनके मुताबिक, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई का फैसला जल्द लिया जाएगा।

एफआईआर दर्ज, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

सरकार ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। साथ ही घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इमारत में चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने की घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। फिलहाल राहत और बचाव दल मलबे को हटाने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जब तक मलबे की पूरी तरह जांच नहीं हो जाती, तब तक किसी और व्यक्ति के फंसे होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Web Stories
 
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम