Universe TV
हर खबर पर पैनी नजर

नहीं रहे पूर्व फुटबॉलर सुभाष भौमिक, एशियन गेम्स 1970 में भारत को दिलाया था कांस्य पदक

- Sponsored -

- Sponsored -


कोलकाता। बीते जमाने के दिग्गज फुटबालर व 1970 में एशियन गेम्स में परचम लहराने वाली भारतीय फुटबाल टीम के सदस्य रहे सुभाष भौमिक (72) का शनिवार तड़के कोलकाता के एक अस्पताल में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सुभाष भौमिक को सीने में संक्रमण की समस्या लेकर वहां भर्ती कराया गया था। पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार तड़के करीब 3.30 बजे उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया। सुभाष भौमिक काफी समय से किडनी की समस्या से पीड़ित थे और पिछले साढे तीन महीने से उनकी डायलिसिस चल रही थी। 23 साल पहले उनकी बाइपास सर्जरी भी हुई थी। सुभाष भौमिक ने भारतीय फुटबाल टीम की तरफ से 69 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 50 गोल दागे। उन्होंने 19 साल की छोटी सी उम्र से पेशेवर फुटबाल खेलना शुरू किया था और ईस्ट बंगाल से करियर की शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने मोहन बगान के लिए भी खेला। इन दोनों टीमों के लिए उन्होंने 100 से ज्यादा गोल किए। संन्यास के बाद वे ईस्ट बंगाल के कोच भी बने। उसके बाद चर्चिल ब्रदर्स व मोहम्मडन स्पोर्टिंग जैसी मशहूर टीमों की भी कोचिंग की। उनके निधन पर फुटबाल जगत ने गहरा शोक जताया है।
पूर्व फुटबालर सुब्रत भट्टाचार्य ने कहा कि सुभाष भौमिक बहुत बड़े स्तर के फुटबालर थे। उनका चले जाना भारतीय फुटबाल के लिए बहुत बड़ी क्षति है। पूर्व फुटबालर श्याम थापा ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है। बंगाल के खेल मंत्री अरूप विश्वास ने कहा कि उन्होंने अपना अभिभावक खो दिया।


- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

- Sponsored -

Comments are closed.

Light
Dark