कोलकाता। पंचायत चुनाव को लेकर पश्चिम बंगाल में हिंसा लगातार जारी है। शनिवार की सुबह सात बजे राज्य के पंचायत की 74 हजार सीटों के लिए मतदान शुरू हो गया, साथ में कई जगहों पर भारी हिंसा भी शुरू हो गई। बंगाल में अलग-अलग इलाकों में पत्थरबाजी, आगजनी के साथ-साथ लूटपाट की घटनाएं सामने आ रही हैं। कल रात से लेकर अब तक राज्य में कई जगहों पर हुई हिंसा में 12 लोगों के मारे जाने की खबर है।
मुर्शिदाबाद के बेलडांगा में कांग्रेस और तृणमूल के बीच झड़प में सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता बाबर अली की मौत हो गई। हिंसा के बाद इलाके में भारी तनाव है। गोली लगने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती है। मतदान शुरू होते ही कूचबिहार में मतदान केंद्र में तोड़फोड़ कर दी गई है और मतपत्र लूट लिए गए हैं और आग लगा दी गई है।
गौर करने वाली बात ये है कि यह चुनाव केंद्रीय बलों की निगरानी में हो रहा है और उसके बावजूद भी हिंसा थम नहीं रही है। राज्य की 63,228 ग्राम पंचायत सीटों पर साठ हजार से अधिक केंद्रीय जवान तैनात है। कई जगहों पर आगजनी, हिंसा, गोलाबारी और बमबारी की कई तस्वीरें और वीडियोज सामने आए हैं। कूचबिहार में मतदान केंद्र में सामान छीनकर आग लगा दी गई।