मुंबई इंडियंस आईपीएल 2023 के खिताब से 2 जीत दूर है। मुंबई ने एलिमिनेटर में लखनऊ सुपर जायंट्स को 81 रन से हराया औऱ क्वालिफायर-2 में जगह बनाई। जहां उसकी टक्कर डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस से होगी। पिछले आईपीएल में 10वें स्थान पर रही मुंबई के लिए इस सीजन में भी सफर आसान नहीं था। शुरुआती मुकाबले गंवाने के बाद टीम ने पिछले 8 में से 6 मैच जीते और अब खिताब जीतने की दहलीज पर खड़ी है। आखिर कैसे मुंबई इंडियंस के लिए बाजी पलटी,आइये समझते हैं।
रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस एक बार फिर आईपीएल के खिताब जीतने की दहलीज पर है। टीम छठा आईपीएल खिताब जीतने से 2 जीत दूर है। हालांकि, आईपीएल 2023 की शुरुआत मुंबई इंडियंस के लिए पिछले साल जैसी ही रही थी। मुंबई ने पहले 8 में से 4 मैच ही जीते थे। मुंबई के लगातार दूसरे साल प्लेऑफ से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा था। लेकिन, फिर बाजी पलटी और मुंबई ने आखिरी 6 में से 4 मैच जीतकर प्लेऑफ का टिकट कटाया और अब क्वालिफायर-2 में गुजरात से टक्कर होगी।
पिछला साल आईपीएल इतिहास में मुंबई इंडियंस के लिए सबसे खराब रहा था। टीम 10वें स्थान पर रही थी और सिर्फ 4 मैच ही जीते थे। मुंबई को पहली जीत भी 9 मैच बाद मिली थी। इस सीजन में भी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम पहले 2 मैच हार गई थी, ऐसे में यही लग रहा था कि कहीं इस बार भी 2022 जैसा हाल तो नहीं होगा। उस पर से अहम गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर की चोट ने परेशानी बढ़ा दी थी। ऐसे में मुंबई के लिए कैसे बाजी पलटी ? किन खिलाड़ियों ने टीम को प्लेऑफ में पहुंचाया और अब कौन चैंपियन बना सकता है।
युवाओं ने बुमराह-आर्चर की कमी पूरी की
आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस जसप्रीत बुमराह के बिना उतरी थी। पिछले साल चोटिल होने के बावजूद मोटी कीमत में खरीदे गए जोफ्रा आर्चर की फिटनेस भी सवालों के घेरे में थी। वहीं, झाय रिचर्डसन भी हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे। ऐसे में युवा गेंदबाजों को मौका मिला और उन्होंने इसे पूरी तरह भुनाया। फिर चाहें बात आकाश मधवाल की हो या अरशद खान या अर्जुन तेंदुलकर की। इन गेंदबाजों को जब मौका मिला, टीम के काम आए, इसमें जेसन बेहरनडॉर्फ भी शामिल हैं।
आकाश मधवाल ने आईपीएल के दूसरे हाफ में मुंबई इंडियंस के लिए अकेले दम पर बाजी पलट दी। आकाश ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 5 और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाप मैच में 4 विकेट झटके और दोनों ही मैच मुंबई जीती। आकाश ने मुंबई को जसप्रीत बुमराह की कमी महसूस नहीं होने दी और डेथ ओवर में कमाल की गेंदबाजी की। उनकी सटीक यॉर्कर का बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था। शुरुआती मुकाबलों में अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई के लिए यही काम किया।
युवा बैटर्स ने दिखाया दम
मुंबई इंडियंस के लिए इस सीजन में भी रोहित शर्मा, ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव जैसे धाकड़ बैटर शुरुआती मुकाबलों में रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। लेकिन, युवा बल्लेबाजों ने दम दिखाया और पूरे सीजन में दमदार प्रदर्शन किया। इसमें तिलक वर्मा और नेहल वढेरा सबसे आगे है। तिलक भी चोटिल होने के कारण कई मुकाबलों से बाहर रहे। लेकिन, जब-जब वो बैटिंग के लिए उतरे, मुंबई के काम आए। उन्होंने 10 मैच में 43 की औसत और 154 के स्ट्राइक रेट से 300 रन बनाए। 1 अर्धशतक लगाया। वहीं, नेह वढेरा ने भी 13 मैच में 2 अर्धशतक की मदद से 237 रन ठोके।
बनने
सूर्यकुमार की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही थी। आईपीएल से पहले टेस्ट टीम से उनकी छुट्टी हो गई थी। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लगातार 3 वनडे में वो शून्य पर आउट हुए थे। फिर आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों में भी वो रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। पहले 5 मैच में उन्होंने 15,1,0,43,7 रन बनाए। लेकिन, फिर सूर्या ने बाजी पलट दी और पिछली 10 पारियों में उन्होंने 4 अर्धशतऔर एक शतक जड़ा. अब तक वो 544 रन बना चुके हैं।
टिम डेविड-कैमरन ग्रीन ने भी दिखाया दम।
कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस ने 17 करोड़ से अधिक कीमत में खरीदा था। पर शुरुआती मुकाबलों में ग्रीन नाकाम रहे थे, पर उसके बाद उन्होंने गियर बदला और 161 के स्ट्राइक रेट से 422 रन ठोक डाले। उन्होंने 1 शतक और 2 अर्धशतक लगाए। टिम डेविड ने भी कुछ मुकाबले अकेले दम पर जिताए।
वानखेड़े स्टेडियम में हाई स्कोरिंग मैच जीते
मुंबई इंडियंस की आईपीएस 2023 में वापसी में वानखेड़े स्टेडियम में टीम का प्रदर्शन भी एक वजह रहा। मुंबई ने इस सीजन में कुल 5 मैच वानखेड़े स्टेडियम में जीते. इसमें से 4 मैच में मुंबई ने 200 या उससे अधिक रन चेज या बचाव करते हुए जीत हासिल की, यानी मुंबई के लिए वानखेड़े स्टेडियम लकी साबित हुआ।