महानायक अमिताभ बच्चन ने अपने ताजा ब्लॉग में अस्पताल में भर्ती होने, सर्जरी और आईसीयू (ICU) के मुश्किल दिनों का जिक्र कर फैंस को चिंता में डाल दिया है। हालांकि, उन्होंने यह साफ नहीं किया कि वह कब, किस अस्पताल में और किस बीमारी के इलाज के लिए भर्ती थे।
ब्लॉग में बयां किया घर वापसी का दर्द
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा: “अस्पताल में एक सर्जरी के बाद और आईसीयू में अनुभवी डॉक्टरों व मेडिकल स्टाफ की देखभाल में रहने के बाद घर वापसी का दौर सबसे मुश्किल होता है—शारीरिक, मानसिक और रोजमर्रा की जिंदगी के लिहाज से भी।” “जब आप एक सम्मानित चैंपियन रहे हों और अचानक हार सामने आ खड़ी हो, तो यह जिंदगी का सबसे कठिन दौर होता है। कुछ लोग हार मान लेते हैं, लेकिन जो हिम्मत नहीं छोड़ते और डटे रहते हैं, वही असली चैंपियन बनते हैं।”
नानावटी अस्पताल में भर्ती होने के दावे का सच
हाल ही में 19 मई को पत्रकार विक्की ललवानी ने दावा किया था कि बिग बी को 16 मई को मुंबई के नानावटी अस्पताल (A-Wing, तीसरी मंजिल) में भर्ती कराया गया है और अभिषेक बच्चन भी उनसे मिलने पहुंचे थे।
हालाँकि, फ़ैक्ट चेक और पारिवारिक सूत्रों से अलग जानकारी सामने आई:
- रूटीन चेकअप: परिवार के करीबी सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ सिर्फ अपने नियमित (रूटीन) चेकअप के लिए अस्पताल गए थे और तुरंत घर लौट आए थे।
- फैंस से मुलाकात: 16 मई को भर्ती होने के दावे के बावजूद, 17 मई को अमिताभ बच्चन हर रविवार की तरह अपने बंगले ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मिलते नजर आए थे।
सोशल मीडिया पर बिग बी की रहस्यमयी पोस्ट
अस्पताल की खबरों के बीच अमिताभ बच्चन ने 20 मई को देर रात अपने X (ट्विटर) अकाउंट और ब्लॉग पर कुछ अनोखी पंक्तियां साझा की थीं:
- X पोस्ट (रात 12:03 बजे): “पिलोरी बड़ुंबा”
- ब्लॉग पोस्ट (रात 12:20 बजे):“चील जब होवे शांत तो भैया, तोते बोलन सुरु करें, इर बीर फत्ते, कहन, चल हमऊ, पिलावे सुरु करें… लव, प्रेयर एंड मोर।”