भारी बारिश से सिक्किम का हाल बेहाल : पेगयोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 पर दो जगह भूस्खलन, आवाजाही रुकी, फंसे 2 हजार से ज्यादा पर्यटक
गंगटोक । पूरे नॉर्थ सिक्किम में गुरुवार रात भारी बारिश होने के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन हुए हैं। नॉर्थ सिक्किम के टुंङ में स्थिति भयावह है। भूस्खलन से सड़क पर बडे-बडे पत्थर गिरकर सड़क बंद हो गया है। वहीं नॉर्थ सिक्किम के मानांग से चुंगथांग तक सड़क टूटकर बह गयी है। उल्लेखनीय है कि इन इलाकों में भारी संख्या में पर्यटकों के फंसे होने की खबर है। प्रशासन की ओर से सड़क को दुरुस्त करने का काम तेजी से चल रहा है। मलबे को हटाने का काम चल रहा है। जानकारी मिली है कि सिक्किम में इस समय 2 हजार से ज्यादा पर्यटक फंसे हुए हैं। गुरुवार रात सिक्किम के पेगॉं के पास भूस्खलन के कारण लाचेन, लाचुंग, यूंगथांग के साथ संपर्क टूट गया है।
जानकारी के अनुसार उत्तरी सिक्किम के मुख्यालय मंगन से लगभग 26 किलोमीटर दूर पेगयोंग में राष्ट्रीय राजमार्ग-10 दो स्थानों पर भूस्खलन से धंस गया है। इससे लाचुंग, लाचेन, चुंगथांग और अन्य स्थानों से सड़क संपर्क बाधित गया है। सीमा सड़क संगठन के अधिकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के तहत पेगयोंग के पास दो स्थानों पर हुए भूस्खलन से गुरुवार देर रात सड़क संपर्क बाधित हो गया। सीमा सड़क संगठन ने आज सुबह से ही सड़क को खुलवाने के लिए मशीनें और कर्मचारी लगा दिए हैं। इस सड़क के शुक्रवार शाम तक खुल जाने की संभावना है।
इस अधिकारी ने कहा है प्रतिकूल मौसम के कारण काम में बाधा आ रही है। रात के समय भारी बारिश के कारण एक ट्रक फंस गया था। उसमें सवार कुछ लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। यह सड़क उत्तरी सिक्किम में भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ती है। भूस्खलन के कारण भारतीय सेना, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, लाचुंग, लाचेन और अन्य स्थानों पर जाने वाले स्थानीय लोगों और पर्यटक प्रभावित हुए हैं।
पिछले दो दिन से हो रही लगातार बारिश के कारण उत्तरी सिक्किम को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 10 के अन्य हिस्से भी बारिश की चपेट में आ गए हैं। शुक्रवार को उत्तरी सिक्किम जाने वाले पर्यटकों के लिए परमिट जारी नहीं किया गया है।
Comments are closed.