डेस्क। भोजपुरी फिल्म जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता और निर्देशक रोहित शर्मा का मंगलवार सुबह एक सड़क हादसे में निधन हो गया। जानकारी के अनुसार, वह अपने दोस्त के साथ बाइक से लौट रहे थे, तभी रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। हादसे में उनके साथ मौजूद दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है।
ट्रक रॉन्ग साइड से आया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी
परिजनों के अनुसार, रोहित शर्मा सोमवार शाम मलिहाबाद में एक भोजपुरी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में गए थे। शूटिंग खत्म होने के बाद मंगलवार तड़के वह अपने दोस्त के साथ बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुडंबा इलाके के रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के सामने एक ट्रक डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड से आया और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
रोहित का हेलमेट टूट गया और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि रोहित का हेलमेट टूट गया और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रोहित शर्मा ने दम तोड़ दिया। उनके दोस्त शोभित की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
रोहित शर्मा अपने पीछे माता-पिता और छोटे भाई को छोड़ गए हैं
रोहित शर्मा अपने पीछे माता-पिता और छोटे भाई को छोड़ गए हैं। उनके पिता फर्नीचर का व्यवसाय करते हैं। परिवार का कहना है कि घरेलू जिम्मेदारियों के कारण रोहित ने कुछ समय के लिए निर्देशन का काम छोड़ दिया था, लेकिन हाल ही में उन्हें फिर से फिल्म में काम मिला था और उसी सिलसिले में वह मलिहाबाद गए थे।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। गुडंबा थाना पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान कर ली गई है और चालक की तलाश जारी है। पोस्टमार्टम के बाद रोहित शर्मा का शव परिजनों को सौंप दिया गया। उनके असमय निधन से भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। रोहित शर्मा ने अपने करियर में कई भोजपुरी फिल्मों और संगीत परियोजनाओं में अभिनय और निर्देशन का योगदान दिया था।