लखनऊ। लखीमपुर में बुधवार को नाबालिग दलित दो सगी बहनों की हत्या मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है। जहां मां का आरोप था कि बाइक पर युवक आए और जबरदस्ती बच्चियों को अगवा कर ले गए। इसके बाद खेत में रेप किया, फिर हत्या कर दी। वहीं, लखीमपुर पुलिस ने गुरुवार सुबह सवा नौ बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
एसपी संजीव सुमन ने कहा, “निघासन में हुई इस घटना में हमने अभी 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक हिंदू और बाकी युवक मुस्लिम हैं। जबरदस्ती अगवा करने जैसा मामला नहीं है। लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। वहां उनके साथ जबरदस्ती संबंध बनाए गए। इसके बाद उनकी हत्या करके शव फंदे पर लटका दिया गया।”
एसपी ने कहा, “पीड़ित परिवार ने तहरीर में छोटू बेटा चेतराम गौतम के नाम की तहरीर दी। ये आरोपी मृतका के पड़ोस में ही रहता है। इसके साथ, तीन अज्ञात लोगों के नाम दिए। पुलिस ने मौके पर जाकर मुआयना किया। इसमें तीन लोगों के नाम सामने आए।” “तीनों आरोपी दोस्त हैं। इसके नाम जुनैद, सोहेल और हफीजुल रहमान। इसमें से देर रात पुलिस ने सुहैल और हफीजुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया। जुनैद की गिरफ्तारी आज हुई है। एक एनकाउंटर में उसके पैर में गोली लगी है।” “छोटू ने इन तीनों की दोस्ती दोनों बहनों से कराई थी। इनकी बातें होती थीं। कल दोपहर बाइक से तीनों लड़के गांव आए थे। इसके बाद लड़कियों को बहलाकर ले गए। जहां खेत में इनके साथ रेप किया। इसके बाद चुन्नी से गला दबाकर हत्या कर दी।” “इन लड़कों ने इसके बाद दो और लड़कों को फोन करके बुलाया। इनके नाम हैं- करीमुद्दीन उर्फ डीडी और आरिफ। पहले तीन लड़के थे। इन दो के आने के बाद पांच हो गए। इसके बाद इन पांचों ने दोनों लड़कियों को पेड़ से फांसी का फंदा बनाकर लटका दिया।” “इसमें अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके नाम छोटू गौतम, जुनैद, सुहैल, करीमुद्दीन, आरिफ और हफीजुल रहमान को गिरफ्तार किया गया है। अब शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। इसकी वीडियोग्राफी कराई जाएगी। यहां पर परिजन मौजूद रहेंगे। रिपोर्ट आने के बाद इ
मां ने बताई थी आंखों देखी- रोकने की कोशिश की तो लात मार दी
घटना के बाद लड़कियों की मां ने बताया था, ”बुधवार शाम 4 बजे का वक्त था। मेरी दोनों बेटियां घर के बाहर बैठी थीं। मैं भी बाहर ही नल पर बर्तन धो रही थी। अचानक बाइक पर दो युवक आए और मेरी दोनों बेटियों को बाइक पर जबरन बैठा लिया। मैंने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी बाइक सवार युवक ने मेरे पेट पर लात मार दी।वह एक ही बाइक पर बेटियों को लेकर फरार हो गए। मैं चिल्लाई तो गांव के कई लोगों ने बाइक सवारों का पीछा किया। मगर, वे पकड़ में नहीं आए। काफी देर तक तलाश की। बाद में दोनों बेटियों के शव गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर एक गन्ने के खेत में पेड़ से लटके मिले। रेप करने के बाद मेरी बेटियों की हत्या करके शव को फंदे पर लटका दिया।”
वारदात के वक्त पिता घर पर नहीं थे। बेटियों के शव मिलने के बाद उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पिता ने बताया,”मैं जब घर पहुंचा तो वहां कोई नहीं मिला। मैंने आसपास के लोगों से पूछा, तो मुझे घटना के बारे में पता चला। मैं भी उधर की तरफ भागा, जिधर सब गए थे। वहां मेरी बेटी के शव पेड़ पर लटके हुए थे। गांव के ही एक लड़के ने अपहरण करके मेरी बेटियों की हत्या की है।”
डिप्टी सीएम पाठक बोले- ऐसी सजा देंगे कि पीढ़ियों की रुह कांप जाएगी
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि लखीमपुर की घटना बहुत दुखद और गंभीर है। सरकार ने इसे बेहद गंभीरता से लिया है। सरकार सीधे नजर बनाए हुए थी। इस वारदात का पर्दाफाश हो गया है। इसमें जुनैद, सुहैल, हफीजुल रहमान, करीमुद्दीन और आरिफ को गिरफ्तार किया है। इनको ऐसी सजा दी जाएगा कि आरोपियों की आने वाली आने वाली पीढ़ियों की रुह कांप जाएगी। सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। केस को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।
ग्रामीणों की SP से झड़प, IG ने संभाला मोर्चा
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बुधवार देर रात निघासन चौराहे पर जाम लगा दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान एसपी संजीव सुमन की ग्रामीणों से झड़प हो गई। इसके बाद, उन्होंने प्रदर्शनकारियों को सख्त हिदायत दी। कहा, “रोड जाम करना कोई विकल्प नहीं है।” काफी मशक्कत के बाद जाम हटवाया गया। खुद IG लक्ष्मी सिंह ने रातभर गांव में कैंप किया। रात में ही वह घटनास्थल पर पहुंचीं। इसके बाद परिजन से मुलाकात की।
आईजी ने कहा, “परिजन की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वजह का पता चल सकेगा। पुलिस ने इस मामले में अब तक 6 आरोपियों को अरेस्ट किया है। इसमें किसने क्या किया था। पढ़िए…
छोटू : यह मृतका लड़कियों का पड़ोसी है। इसने ही कल दोपहर तीन लड़कों को बुलाया जिनमे जुनैद, सुहैल ओर हफीजुल रहमान शामिल है। इनकी दोस्ती दोनों लड़कियों से छोटू से कराई। छोटू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जुनैद और सुहेल : यह दोनों बगल के गांव लालगंज के रहने वाले हैं। इन दोनों ने ही लड़कियों से रेप किया। घटना के बाद से आरोपी जुनैद फरार था। आज सुबह उसका एनकाउंटर किया गया है। गोली पैर में लगी है। सुहेल कल ही छोटू के साथ गिरफ्तार हो गया था।
हफीजुल रहमान : यह भी जुनैद के गांव का ही रहने वाला था। यह इन आरोपियों के साथ था। यह भी कल रात ही छोटू और सुहेल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया था।
करीमुद्दीन उर्फ डीडी और आरिफ : यह दोनों सुहैल और जुनैद के साथी हैं। रेप के बाद इन दोनों ने हफीजुल रहमान के साथ मिलकर गला दबाकर मार दिया था। इसके बाद सुहैल और अन्य आरोपियों ने करीमुद्दीन और आरिफ को बुलाया। फिर सबने मिलकर लड़कियों को दुपट्टे के सहारे पेड़ पर टांग दिया। ये दोनों कल रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया है।
राहुल गांधी ने कहा-अपहरण के बाद हत्या, विचलित करने वाली
राहुल गांधी बोले-“लखीमपुर में दिनदहाड़े, दो नाबालिग दलित बहनों के अपहरण के बाद उनकी हत्या, बेहद विचलित करने वाली घटना है। बलात्कारियों को रिहा करवाने और उनका सम्मान करने वालों से महिला सुरक्षा की उम्मीद की भी नहीं जा सकती। हमें अपनी बहनों-बच्चियों के लिए देश में एक सुरक्षित माहौल बनाना ही होगा।”
अखिलेश बोले- “निघासन में 2 दलित बहनों को अगवा करने के बाद उनकी हत्या और उसके बाद पुलिस पर पिता का ये आरोप बेहद गंभीर है। बिना पंचनामा और सहमति के उनका पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। लखीमपुर में किसानों के बाद अब दलितों की हत्या ‘हाथरस की बेटी’ हत्याकांड की जघन्य पुनरावृत्ति है।”
प्रियंका ने कहा- “लखीमपुर में दो बहनों की हत्या की घटना दिल दहलाने वाली है। परिजनों का कहना है कि उन लड़कियों का दिनदहाड़े अपहरण किया गया था। रोज अखबारों व टीवी में झूठे विज्ञापन देने से कानून व्यवस्था अच्छी नहीं हो जाती। आखिर यूपी में महिलाओं के खिलाफ जघन्य अपराध क्यों बढ़ते जा रहे हैं?”
मायावती ने कहा- “मां के सामने दो दलित बेटियों का अपहरण व दुष्कर्म के बाद उनके शव पेड़ से लटकाने की हृदय विदारक घटना चर्चाओं में है, क्योंकि ऐसी दुःखद व शर्मनाक घटनाओं की जितनी भी निन्दा की जाए वह कम है। यूपी में अपराधी बेखौफ हैं, क्योंकि सरकार की प्राथमिकताएं गलत हैं।”