ADVERTISEMENT
Home » देश » वडोदरा में पीएम मोदी का संदेश- युवा शक्ति के दम पर बनेगा विकसित भारत, बोले- हर नौजवान ‘सच की हुंकार’ के साथ

वडोदरा में पीएम मोदी का संदेश- युवा शक्ति के दम पर बनेगा विकसित भारत, बोले- हर नौजवान ‘सच की हुंकार’ के साथ

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को आधुनिक भारत की परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण. . .

वडोदरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात के वडोदरा में 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को आधुनिक भारत की परिवहन व्यवस्था की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आया है। पीएम ने युवाओं को देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भारत का मौजूदा दौर युवाशक्ति के उत्कर्ष का समय है और 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए।

डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को बताया भारत की ‘जीवनरेखा’

पीएम मोदी ने कहा कि डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर इस बात का प्रमाण है कि देश में परियोजनाओं को पूरा करने की कार्यसंस्कृति बदली है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर विचार 2004 में शुरू हुआ था और 2006 में इसके लिए विशेष कंपनी भी बनाई गई, लेकिन 2014 तक काम मुख्य रूप से फाइलों के बीच उलझा रहा। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद परियोजना को गति दी गई और अब करीब 2,800 किलोमीटर लंबे ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री के मुताबिक, ये दोनों कॉरिडोर देश के व्यापार और माल परिवहन की रीढ़ बन रहे हैं।

मालगाड़ियों की रफ्तार बढ़ी, परिवहन व्यवस्था में बदलाव

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले यात्री और मालगाड़ियां एक ही ट्रैक पर चलती थीं, जिससे दोनों तरह के परिवहन की गति प्रभावित होती थी। डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर ने इस व्यवस्था को बदल दिया है। उन्होंने बताया कि पूर्वी और पश्चिमी फ्रेट कॉरिडोर पर रोजाना 430 से अधिक मालगाड़ियां चल रही हैं। पहले एक मालगाड़ी को 100 किलोमीटर की दूरी तय करने में करीब साढ़े छह घंटे लगते थे, लेकिन अब यह दूरी आधे से भी कम समय में पूरी की जा रही है। मुंबई के जेएनपीटी पोर्ट से वडोदरा तक डबल-स्टैक कंटेनर ट्रेन के संचालन का उल्लेख करते हुए पीएम ने कहा कि एक ट्रेन के जरिए एक साथ 250 से अधिक ट्रकों के बराबर माल पहुंचाया जा सकता है।

ADVERTISEMENT

वडोदरा की औद्योगिक ताकत को सराहा

प्रधानमंत्री ने वडोदरा की शिक्षा, कौशल और उद्योग के बीच बेहतर तालमेल की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि शहर लंबे समय से शिक्षा और औद्योगिक विकास के समन्वय का उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि अब वडोदरा देश के पहले मेड-इन-इंडिया सैन्य परिवहन विमान सी-295 के निर्माण के लिए भी पहचाना जा रहा है। पीएम ने कहा कि इस उपलब्धि ने शहर को नई औद्योगिक पहचान दी है।

भारत बना रेल निर्माण का बड़ा केंद्र

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक दशक में भारत रेल कोच, मेट्रो कोच और रेल इंजन के निर्माण में तेजी से आगे बढ़ा है। उनके मुताबिक, 2014 के बाद देश में करीब 50 हजार आधुनिक रेल कोच बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि रेलवे के आधुनिकीकरण पर बढ़ रहा निवेश रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहा है। इस वर्ष रेल बजट पौने तीन लाख करोड़ रुपये से अधिक होने का भी उन्होंने उल्लेख किया।

‘सच की हुंकार’ के साथ आगे बढ़ रहा देश का युवा

प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठ की आवाज उठाने वाले हर जगह मिल जाएंगे, लेकिन देश का युवा सच्चाई और विकास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज के युवा देश में सौर, पवन, जलविद्युत और परमाणु ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे काम को देख रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का मौजूदा दौर युवाशक्ति के लिए असाधारण अवसरों का समय है।

55 लाख परिवारों की छतों पर सोलर पैनल

पीएम मोदी ने देश में अक्षय ऊर्जा के विस्तार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि घरेलू सौर विनिर्माण को बढ़ावा मिलने से सौर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत देश में 55 लाख परिवार अपनी छतों पर सोलर पैनल लगा चुके हैं। इनमें गुजरात के करीब 11 लाख परिवार शामिल हैं।

‘वाह… मेरा वडोदरा’, स्वच्छता अभियान की जमकर तारीफ

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में वडोदरा के नागरिकों द्वारा चलाए गए स्वच्छता अभियान की विशेष रूप से सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम से पहले शहर में जिस तरह लोगों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया, उसे देखकर उन्हें गर्व महसूस हुआ। पीएम ने कहा, ‘वाह… मेरा वडोदरा।’ उन्होंने सफाई अभियान में लोगों की भागीदारी को सेवा भावना का उदाहरण बताते हुए नागरिकों का आभार जताया।

गणेशोत्सव, नवरात्रि और दिवाली तक सफाई का संकल्प

प्रधानमंत्री ने वडोदरा के लोगों से अपील की कि कार्यक्रम से पहले शुरू किया गया स्वच्छता अभियान केवल कुछ दिनों तक सीमित न रहे। उन्होंने कहा कि शहर में जल्द गणेशोत्सव, नवरात्रि और फिर दिवाली का उत्सव मनाया जाएगा। ऐसे में स्वच्छता की इस भावना को लगातार बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने की अपील की कि वडोदरा को दोबारा गंदा नहीं होने दिया जाएगा।

20 लाख पौधे बांटे गए

वडोदरा नगर निगम की ओर से चलाए गए अभियान में सार्वजनिक स्थानों, झीलों, उद्यानों, स्वास्थ्य केंद्रों, बाल देखभाल सुविधाओं, विरासत स्थलों और जल निकायों की सफाई की गई। अभियान में सफाईकर्मियों के साथ नागरिकों, अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शैक्षणिक संस्थानों और गैर सरकारी संगठनों ने भी भाग लिया। पर्यावरण संरक्षण के तहत करीब 20 लाख पौधे वितरण किए जाने की जानकारी भी दी गई।

42 हजार से अधिक लोग प्रतीक्षा सूची में

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में लोगों की भारी रुचि देखने को मिली। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए डिजिटल रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की गई थी। मुफ्त पंजीकरण शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर उपलब्ध सीटें भर गईं और 42 हजार से अधिक आवेदकों को प्रतीक्षा सूची में रखा गया।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य सर्वोपरि

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि भारत के लिए यह दौर असाधारण महत्व रखता है। उन्होंने युवाओं से देश को विकसित बनाने के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। पीएम मोदी ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य देश के सामने सबसे बड़ी प्राथमिकता है और भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।

Web Stories
 
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
ADVERTISEMENT
इन लोगों को नहीं खाना चाहिए मोरिंगा शरीर में प्रोटीन की कमी को पूरा करने के लिए खाएं ये वेजेटेरियन फूड्स हल्दी का पानी पीने से दूर रहती हैं ये परेशानियां सकट चौथ व्रत पर भूल से भी न करें ये गलतियां बुध के गोचर से इन राशियों का शुरू होगा गोल्डन टाइम