डेस्क। आईपीएल 2026 अपने चरम पर है, इसी बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से आरसीबी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। ये शिकायत 5 अप्रैल को खेले गए मैच के दौरान की है। आरसीबी और सीएसके के बीच खेले गए इस मैच के दौरान बजे गाने को लेकर फ्रेंचाइजी की तरफ से शिकायत दर्ज करवाई गई है। आइए आपको बताते हैं कि पूरा मामला क्या है।
किस गाने को लेकर मचा बवाल?
आरसीबी और सीएसके के बीच हुए मुकाबले की शुरुआत से पहले एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में ‘डोसा, इडली, सांभर, चटनी, चटनी’ गाना बजा था, जिसको लेकर शिकायत की गई है। इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार आईपीएल के बड़े अधिकारी की तरफ से इसकी पुष्टि भी की गई है और अब गवर्निंग काउंसिल इस मामले की जांच करेगी।
CSK मैनेजिंग डायरेक्टर ने क्या कहा?
चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजिंग डायरेक्टर ने इसको लेकर इंडियन एक्सप्रेस से कहा, डीजे का काम होम टीम को सपोर्ट करने का होता है लेकिन चिन्नास्वामी में ये अलग था। कुछ टिप्पणी हमारे खिलाड़ियों के खिलाफ की गईं. इसको संज्ञान में लेते हुए हमने बीसीसीआई को लेटर लिखा है।
पिछले साल शुरू हुआ था मामला
इस पूरे विवाद की शुरुआत पिछले साल हुई थी, जब आरसीबी के विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा ने ‘डोसा, इडली, सांभर, चटनी, चटनी’ गाना मैच से पहले गाया था। चेन्नई के फैंस ने उनको इसके लिए काफी ट्रोल भी किया था. इसके बाद जब चेपॉक में जितेश शर्मा आउट हुए थे तो सीएसके के डीजे ने यही गाना बजाकर उनको ट्रोल किया था।
CSK मैनेजमेंट ने ऐसा करने से किया मना
इस मामले के सामने आने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के मैनेजमेंट ने पूरी तरह से साफ किया कि विरोधी खिलाड़ियों के ऊपर इस तरह का एक्शन लेना गलत है। हम विरोधी खिलाड़ी को टारगेट नहीं कर सकते हैं. इसके बाद से सीएसके की तरफ से ऐसा कुछ नहीं हुआ।
खिलाड़ियों के साथ हुई बदतमीजी
आरसीबी के खिलाफ 5 अप्रैल को चिन्नास्वामी में खेले गए मैच के दौरान चेन्नई के खिलाड़ियों के आउट होने पर उनके ऊपर गलत कमेंट भी किए गए। सीएसके मैनेजमेंट ने साफ किया कि डीजे का काम मैदान में माहौल बनाना होता है ना कि विरोधी टीम के खिलाड़ियों पर टिप्पणी करना।