नई दिल्ली। गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने आईपीएल सफर के पांच वर्षों में तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई है। अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ आईपीएल 2026 का फाइनल रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम पर खेला जाएगा। यह मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा। आरसीबी अपने खिताब की रक्षा करने उतरेगी।
आरसीबी ने आईपीएल 2026 के पहले क्वालीफायर में जीटी को 92 रन से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया था। फिर गुजरात ने दूसरे क्वालीफायर में राजस्थान रॉयल्स को सात विकेट से मात देकर फाइनल में एंट्री की।
अब गुजरात अपने होमग्राउंड पर घरेलू फैंस के सामने खिताब जीतने की कोशिश करेगा। मगर उसके लिए यह आसान नहीं होगा क्योंकि आरसीबी गजब के फॉर्म में हैं। दोनों ही टीमों के पास दूसरा आईपीएल खिताब जीतने का मौका है। जीटी ने 2022 में पहली बार खिताब जीता था। आरसीबी ने 2025 में 18 साल का सूखा खत्म करके खिताब अपने नाम किया।
आंकड़ें किसका दे रहे साथ
गुजरात और बेंगलुरु के बीच आईपीएल 2026 फाइनल बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। दोनों ही टीमें जबरदस्त फॉर्म के साथ फाइनल खेलने पहुंच रही हैं। ऐसे में दोनों ही टीमें हर उस पहलु पर गौर करेंगी, जिससे उन्हें मनोवैज्ञानिक लाभ मिल सके। दोनों टीमों के बीच आंकड़ों पर गौर करें तो काफी करीबी मुकाबला है, जिससे पता लगा पाना मुश्किल है कि चैंपियन कौन बनेगा।
आरसीबी और गुजरात के बीच अब तक कुल 9 मैच खेले गए हैं। आरसीबी ने 5 जीते जबकि गुजरात ने 4 मैच अपने नाम किए। फाइनल में आरसीबी इस अंतर को बढ़ाना चाहेगा जबकि गुजरात हिसाब बराबर करके खिताब अपने नाम करने का प्रयास करेगा। आईपीएल 2026 में दोनों टीमें 3 बार आमने-सामने आईं। इसमें आरसीबी 2-1 से आगे है।
किंग और प्रिंस की जंग
आरसीबी और जीटी के बीच मैच के साथ-साथ विराट कोहली और शुभमन गिल के बीच भी एक मजेदार मुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों की कोशिश बेहतरीन पारी खेलकर अपनी टीम को चैंपियन बनाने की होगी। आरसीबी और जीटी के गेंदबाजी आक्रमण के बीच भी मजबूत टक्कर देखने को मिलेगी।